असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 4.45 लाख हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

गुवाहाटी, 28 जुलाई असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है और कई जिलों में जलस्तर कम हो रहा है। राज्य में बाढ़ से मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया है तथा प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 4.45 लाख रह गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव, जोरहाट, नगांव और कामरूप (महानगर) जिले अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। हालांकि, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 4.45 लाख रह गई है। चराइदेव सबसे अधिक प्रभावित जिला बना हुआ है, जहां 1.88 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

इसके बाद शिवसागर में 1.44 लाख और जोरहाट में 74,458 लोग प्रभावित हैं। रविवार तक पांच जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 5.24 लाख से अधिक थी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, आज सुबह से बिजली आपूर्ति से वंचित परिवारों की संख्या में 25 प्रतिशत और कमी आई है। जैसे-जैसे बाढ़ का पानी उतर रहा है, वैसे-वैसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है। जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार के घर बिजली बहाल नहीं हो जाती, तब तक मैं नियमित रूप से स्थिति की जानकारी साझा करता रहूंगा।

शर्मा ने यह भी कहा कि बाढ़ का पानी घटने के साथ ही गांवों में किसी भी बीमारी के प्रकोप को रोकने के लिए संक्रमण-रोधी छिड़काव और फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।

प्रमुख खबरें

Justin Greaves ने Test Cricket में रचा इतिहास, 5 विकेट-मेडन ओवर का बनाया World Record!

Kangana Ranaut का Gen Z पर वार: PM Modi के लिए अश्लील भाषा, ये कैसे छात्र?

धरती की चेतावनी को सुनिए, प्रकृति का धैर्य अब जवाब दे रहा है

Assam में Flood का कहर जारी, PM Modi ने कहा- पीड़ितों को बचाने केंद्र-राज्य सरकारें एकसाथ