Assam Flood से हालात और बिगड़े, 6 नई मौतों के साथ कुल संख्या 95 हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 06, 2026

गुवाहाटी, पांच अगस्त असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई तथा छह और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है, जबकि 14 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 1.6 लाख हो गई है। अधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से बुधवार शाम जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बाढ़ के कारण छह लोगों की मौत हुई है।

शिवसागर सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा, जहां 57,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए। इसके बाद गोलाघाट में करीब 34,000 और जोरहाट में 25,000 लोग प्रभावित हैं। मंगलवार से बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है।

उस दिन पांच जिलों में 1.22 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए थे। एएसडीएमए ने बताया कि प्रशासन छह जिलों में 105 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित कर रहा है, जहां वर्तमान में 44,523 प्रभावित लोगों की देखभाल की जा रही है। प्राधिकरण ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच 528.44 क्विंटल चावल, 126.72 क्विंटल दाल, 73.21 क्विंटल नमक और 2,519.64 लीटर सरसों के तेल का वितरण किया गया है।

एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में असम के 563 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं और राज्य में 16,951.76 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। राज्य के विभिन्न जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंधों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। वर्तमान में धानसिरी नदी नुमालीगढ़ में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

व्यापक बाढ़ के कारण राज्य में 35,025 घरेलू पशु और मुर्गियां प्रभावित हुई हैं, जबकि 8,529 अन्य बह गए।

प्रमुख खबरें

Biocon का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 53.36% बढ़कर 136.8 करोड़ रुपये पहुंचा

DK Shivakumar ने साधा निशाना: हिंदू धर्म पर कोई राजनीतिक दल एकाधिकार नहीं जमा सकता

Delhi के LNJP Hospital समेत 3 अस्पतालों की संशोधित लागत मंजूर, जांच के आदेश

Delhi: Anti-Smog Gun तैनाती की सिरसा ने समीक्षा की, सर्दियों से पहले प्रदूषण रोकने के निर्देश