असम चिकित्सा आपूर्ति लेकर आ रहे वाहनों की आवाजाही बाधित कर रहा है: मिजोरम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 02, 2021

आइजोल। मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री आर लालथांगलियाना ने रविवार को दावा किया कि सीमा विवाद के बाद बराक घाटी में चलाए जा रहे नाकेबंदी अभियान के जरिये असम, मिजोरम के लिए आने वाले कोविड-19 जांच किट समेत अन्य चिकित्सा आपूर्ति को बाधित कर रहा है। असम ने हालांकि कहा कि प्रदेश में कोई भी संगठन फिलहाल किसी तरह की नाकेबंदी नहीं कर रहा है। मिजोरम फिलहाल कोविड-19 की दूसरी लहर से जूझ रहा है और वह देश के कुछ सबसे प्रभावित राज्यों में से एक है।

इसे भी पढ़ें: बिजनौर के हिस्ट्रीशीटर का शव टैक्सी से बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस

इसबीच, मिजोरम के मुख्य सचिव लालनुनमवाई चुआंगो ने कहा कि राज्य सरकार को केंद्र पर पूरा भरोसा है और हम गृह मंत्रालय को एक और पत्र भेजेंगे तथा असम से वाहनों की आवाजाही तत्काल शुरू कराने के लिए दखल की मांग करेंगे। मुख्य सचिव के मुताबिक, चारों तरफ से जमीन से घिरे मिजोरम में 95 प्रतिशत आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति असम के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग-306 के जरिये होती है जो प्रदेश की जीवन रेखा है। मिजोरम के गृह विभाग ने 28 जुलाई और 30 जुलाई के बीच तीन दिनों में केंद्रीय गृह मंत्रालय को दो बार पत्र लिखकर बराक घाटी के लोगों द्वारा कथित तौर पर की गई आर्थिक नाकेबंदी को हटाने और असम में कथित तौर पर उपद्रवियों द्वारा रेलवे लाइन को तीन जगहों पर किए गए नुकसान को दुरुस्त कराने का अनुरोध किया है। कोलासिब के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वनलालफाका ने रविवार को कहा कि सुरक्षा बलों के वाहनों को छोड़कर कोईदूसरा वाहन सीमा विवाद के बाद असम से मिजोरम नहीं आया है। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि मिजोरम की तरफ से वाहनों की आवाजाही पर कोई पाबंदी नहीं है और कुछ वाहन रोज असम जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रविवार को कम से कम 70 वाहन असम के लिये रवाना हुए। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हम यह सुनिश्चित करने के लिये प्रयास कर रहे हैं कि गैर जनजातीय लोगों के वाहन सुगमता से असम जाएं। मिजोरम का कोई नागरिक किसी तरह की समस्या नहीं खड़ी कर रहा और लोग इस बात से सहमत हैं कि यह कोई सांप्रदायिक मुद्दा नहीं बल्कि दो राज्यों के बीच सीमा विवाद है।” उन्होंने बताया कि सीमा पर केंद्रीय पुलिस बलों की तैनाती और गश्त के बाद अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति शांत बनी हुई है। मिजोरम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने हाल में राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर असम से आपूर्ति बहाल करवाने में मदद की मांग की थी।

प्रमुख खबरें

Raymond Lifestyle और Honda Cars के वित्तीय परिणामों में मिले-जुले रुझान

Umesh Patel: सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में सांसद को दो साल की सजा

Commonwealth Games 2022: ग्लास्गो में जैसमीन और प्रीति समेत चार मुक्केबाजों ने जीते स्वर्ण

Ayodhya राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच अंतिम चरण में, ट्रस्ट सदस्य का बयान