By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
असम पुलिस ने रुपये लेकर 10वीं कक्षा के फर्जी प्रमाणपत्र बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, राज्य पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने ‘काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस’ (सीआईएससीई) द्वारा कथित तौर पर जारी किए गए फर्जी दस्तावेजों के धंधे में शामिल एक गिरोह के संबंध में शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया था।
बयान में कहा गया है कि सीआईएससीई की 10वीं कक्षा की परीक्षा के दस्तावेजों में जालसाजी की शिकायत के आधार पर सीआईडी थाने में मामला दर्ज किया गया है।’’ सीआईएससीई तीन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित करता है, जिनमें इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आईसीएसई - कक्षा 10वीं), इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (आईएससी - कक्षा 12वीं) और सर्टिफिकेशन इन वोकेशनल एजुकेशन (सीवीई - वर्ष 12) शामिल हैं। बयान में बताया गया है कि आरोपी मोरीगांव, बारपेटा और बोंगाईगांव जिलों के रहने वाले हैं। हालांकि उनकी पहचान जारी नहीं की गई है।