By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 11, 2021
पोर्ट-ऑ-प्रिंस। हैती की अंतरिम सरकार ने देश के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे की हत्या के बाद देश को स्थिर करने और चुनावों की तैयारी के मद्देनजर अहम प्रतिष्ठानों की रक्षा के लिए अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र से अपने सैन्य बलों को तैनात करने का अनुरोध किया है। हैती की अंतरिम सरकार के इस हैरान करने वाले अनुरोध ने वर्ष 1915 के उन घटनाक्रमों की याद ताजा कर दी है, जब नाराज भीड़ हैती के तत्कालीन राष्ट्रपति विलब्रन गुइलाउमे सैम को घसीटकर फ्रांसीसी दूतावास के बाहर ले आई थी और उसने उनकी पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने हैती में सैन्य बलों को भेजा था, जो वहां अराजकता को रोकने के लिए करीब दो दशक रहे। हैती के चुनाव मंत्री माथियास पियरे ने सैन्य सहायता के सरकार के अनुरोध का बचाव करते हुए शनिवार को ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि देश में स्थानीय पुलिस बल कमजोर है और संसाधनों की कमी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम क्या करें? क्या हम देश को अराजकता की स्थिति में जाने दें? क्या हम निजी संपत्तियां नष्ट होने दें? राष्ट्रपति की हत्या के बाद लोग मारे गए। एक सरकार के रूप में, क्या हम इसे रोक पा रहे हैं? हम देश पर कब्जा करने के लिए नहीं कह रहे। हम कम संख्या में सैन्य बलों को तैनात करने मांग कर रहे हैं, ताकि हमारी मदद हो सके। ... मुझे लगता है कि हम जब तक कमजोर हैं, हमें अपने पड़ोसियों की जरूरत होगी।’’