By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 28, 2025
दक्षिणी जर्मनी में रविवार को एक क्षेत्रीय यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शाम छह बजकर 10 मिनट पर एक जंगली इलाके में ट्रेन के कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतर गए। उस समय ट्रेन में लगभग 100 लोग सवार थे। बाडेन वुर्टेनबर्ग राज्य के गृह मंत्री थॉमस स्ट्रोबल ने कहा, ‘‘यहां भारी बारिश हुई है इसलिए इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि भारी बारिश या भूस्खलन दुर्घटना का कारण हो सकते हैं। जांच जारी है।’’
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा करते हुए कहा कि वह पीड़ितों के प्रति शोक और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।
जर्मनी की प्रमुख राष्ट्रीय रेल संचालन कंपनी ‘डॉयचे बान’ ने एक बयान में कहा कि वह जांचकर्ताओं के साथ सहयोग कर रही है। कंपनी ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।