अतनु दास ने ओलिंपिक चैंपियन को हराकर तीरंदाजी के प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 29, 2021

तोक्यो। भारत के स्टार तीरंदाज अतनु दास दूसरे दौर के बेहद रोमांचक मुकाबले में दो बार ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया के ओह जिन हयेक को शूट आफ में हराकर तोक्यो ओलंपिक की पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे दौर में जगह बनाने के सफल रहे। दास ने पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए 6-5 से जीत दर्ज की। शूट आफ में लंदन ओलंपिक खेलों के व्यक्तिगत स्वर्ण पदक विजेता जिन हयेक ने नौ अंक जुटाए जिसके बाद दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी दास ने 10 अंक पर निशाना साधकर अगले दौर में प्रवेश सुनिश्चित किया। जिन हयेक मौजूदा खेलों में टीम स्वर्ण पदक जीतने वाली कोरियाई टीम का भी हिस्सा थे। युमेनोशिमा फाइनल फील्ड पर अतनु को हवा से सामंजस्य बैठाने में थोड़ी परेशानी हुई लेकिन वह अहम समय पर धैर्य बरकार रखते हुए जीत दर्ज करने में सफल रहे। दास के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी। उन्होंने अपने से कम रैंकिंग वाले चीनी ताइपे के यू चेंग डेंग पर पहले दौर में 6-4 की जीत दौरान विरोधी खिलाड़ी को वापसी के मौके दिए लेकिन जिन हयेक के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। अगले दौर में दास का सामना जापान के ताकाहारू फुरुकावा से होगा जो लंदन ओलंपिक के व्यक्तिगत रजत पदक विजेता हैं। फुरुकावा यहां कांस्य पदक जीतने वाली जापान की टीम का हिस्सा भी थे। जिन हयेक ने पहले सेट में आठ और दो नौ अंक से 26 अंक जुटाए। दास ने पहले दो प्रयास में आठ अंक से खराब शुरुआत की और अंतिम प्रयास में नौ अंक के बावजूद 25 अंक ही बना पाए जिससे कोरियाई खिलाड़ी ने पहला सेट जीता। दूसरे और तीसरे सेट 27-27 के समान स्कोर से बराबर रहे जिससे चौथे सेट से पहले जिन हयेक को 4-2 की बढ़त हासिल की थी। करो या मरो के चौथे सेट में जब दास 17-16 से आगे थे तब जिन हयेक हड़बड़ा गए और अंतिम तीर पर छह ही अंक जुटा पाए। दास ने 10 पर निशाना साधकर 27-22 के बड़े अंतर से सेट जीता।

प्रमुख खबरें

Asian Games: 10m Air Rifle टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक

भारतीय तैराक Srihari Nataraj ने 50m बैकस्ट्रोक फाइनल में बनाई जगह

UP Assembly Election 2027: BJP को रोकने के लिए AIMIM चीफ Owaisi ने विपक्षी दलों से मांगा साथ

Kerala University में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक का ड्राफ्ट नियम, कर्मचारी यूनियन ने जताया विरोध