By अंकित सिंह | Mar 26, 2025
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि अगले दो दिन केवल बजट पर चर्चा के लिए समर्पित किए जाएं। आतिशी ने कहा कि बजट सत्र में बजट पेश करना और बजट पर चर्चा करना होता है, लेकिन कल जब आज के लिए कार्यसूची आई, तो बजट पर चर्चा के लिए केवल एक घंटा आवंटित किया गया। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा से पूछना चाहती हूं कि आप क्या छिपा रहे हैं? आप बजट पर चर्चा क्यों नहीं चाहते?
आप नेता ने आगे कहा कि इस बजट ने बीजेपी की नीयत भी सामने ला दी है। 1. सरकारी स्कूलों को ठप करना – 10 साल में पहली बार हुआ है, जब शिक्षा का बजट 20% से भी कम कर दिया, ताकि सरकारी स्कूल बर्बाद हो जाए। 2. मुफ्त इलाज बंद करना – 10 साल में पहली बार स्वास्थ्य का बजट घटकर 13% तक कर दिया गया, ताकि गरीबों का फ्री इलाज बंद हो जाए। 3. सफ़ाई व्यवस्था को ठप करना– पहली बार हुआ है जब MCD का बजट घटा है। MCD का बजट जो साल 2024-25 में ₹8423 करोड़ था। उसे ₹1526 करोड़ घटाकर इस बार ₹6897 करोड़ कर दिया है।
उन्होंने कहा आज रेखा गुप्ता जी ने अपने 2 घंटे के भाषण में 1.5 घंटे सिर्फ AAP और अरविंद केजरीवाल जी को गालियाँ देने में बिता दिए। शायद उन्हें अब तक एहसास ही नहीं हुआ है कि चुनाव खत्म हो चुके हैं, उनकी सरकार बन चुकी है। अब गाली देने का नहीं, काम करने का समय है। लेकिन आज भी उन्होंने एक बार फिर अपना असली एजेंडा साफ कर दिया— काम कम, जुमले ज़्यादा; 5 साल सिर्फ गाली-गलौच का इरादा..।