By रेनू तिवारी | Jul 16, 2026
भारतीय प्रॉपर्टी टेक्नोलॉजी (PropTech) सेक्टर से एक बहुत बड़ी खबर आ रही है। रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख टेक कंपनी ऑरम प्रॉपटेक लिमिटेड (Aurum PropTech Ltd) ने अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए देश के बड़े प्रॉपर्टी क्लासिफाइड प्लेटफॉर्म हाउसिंग डॉट कॉम (Housing.com) का अधिग्रहण करने की घोषणा की है। यह सौदा पूरी तरह से शेयर आधारित (All-Stock Deal) होगा। आपको बता दें कि हाउसिंग डॉट कॉम का स्वामित्व वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज कंपनी 'आरईए ग्रुप' (REA Group) के पास है। इससे पहले ऑरम प्रॉपटेक, आरईए ग्रुप से ही आवासीय ब्रोकरेज मंच 'प्रॉपटाइगर' (PropTiger) का भी अधिग्रहण कर चुकी है।
इस सौदे के बाद हाउसिंग डॉट कॉम और ऑरम का प्रौद्योगिकी-संचालित प्रॉपटेक कारोबार एकीकृत मंच के रूप में कार्य करेगा। ऑरम वेंचर्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष देवड़ा ने कहा, ‘‘भारतीय संपत्ति प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कृत्रिम मेधा (एआई) और आंकड़ा-संचालित अगले चरण में हम आरईए का ऑरम प्रॉपटेक में एक महत्वपूर्ण शेयरधारक के रूप में स्वागत करते हैं।