ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 146 रन से दी शिकस्त, सीरीज में 1-1 की बराबरी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 18, 2018

पर्थ। भारतीय टीम दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन मंगलवार को दूसरी पारी में 140 रन पर ढेर हो गई जिससे आस्ट्रेलिया ने 146 रन की जीत के साथ चार मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी। भारतीय टीम 287 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में 56 ओवर ही टिक सकी। भारत ने एडीलेड में पहला टेस्ट 31 रन से जीतकर बढ़त बनाई थी। भारत ने दिन की शुरूआत पांच विकेट पर 112 रन से की। टीम इंडिया ने अपने अंतिम पांच विकेट सिर्फ 28 रन पर गंवाए। आस्ट्रेलिया ने अंतिम दिन 65 मिनट में ही भारत के बचे हुए पांच विकेट हासिल कर लिए।

दक्षिण अफ्रीका में मार्च में गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के सामने आने के बाद आस्ट्रेलिया की यह पहली टेस्ट जीत है। आस्ट्रेलिया की ओर से नाथन लियोन (39 रन पर तीन विकेट) और मिशेल स्टार्क (46 रन पर तीन विकेट) ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि जोश हेजलवुड (24 रन पर दो विकेट) और पैट कमिंस (25 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए। हनुमा विहारी (28) और ऋषभ पंत (30) ने आज भारत की पारी को आगे बढ़ाया। ये दोनों छह ओवर तक ही आस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रख पाए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 21 रन जोड़े।

इसे भी पढ़ें: कोहली और पेन शाब्दिक जंग में उलझे, अंपायर ने दी चेतावनी

विहारी आज आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे। उन्होंने स्टार्क की गेंद पर प्वाइंट पर कैच थमाया। पंत भी इसके बाद लियोन की गेंद पर मिड आन पर कैच दे बैठे। पीटर हैंड्सकोंब ने उनका नीचा कैच लपका। उमेश यादव (02) ने स्टार्क को उन्हीं की गेंद पर कैच थमाया। इशांत शर्मा (00) कमिंस की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। जसप्रीत बुमराह (00) इसके बाद कमिंस की गेंद को हवा में लहरा गए और इस तेज गेंदबाज ने कैच लपककर आस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे जिसके जवाब में भारत ने कप्तान विराट कोहली के 25वें शतक की बदौलत 283 रन बनाए। पहली पारी में 43 रन की बढ़त हासिल करने के बाद आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 243 रन बनाकर भारत को 287 रन का लक्ष्य दिया। तीसरा टेस्ट मेलबर्न में 26 दिसंबर से शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal