Aviation Sector के एक्सपर्ट Tewolde GebreMariam होंगे Air India के नए CEO, Campbell Wilson की लेंगे जगह

By Ankit Jaiswal | Aug 05, 2026

एयर इंडिया ने अपने शीर्ष लीडरशिप में बड़ा बदलाव करते हुए नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। कंपनी ने इथियोपियन एयरलाइंस समूह के पूर्व प्रमुख तेवोल्डे गेब्रेमारियम को यह जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि एयर इंडिया के पुनर्गठन और वैश्विक विस्तार के अगले चरण में उनका अनुभव कंपनी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

बता दें कि एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा समूह के पास है और पिछले कुछ वर्षों से कंपनी बड़े स्तर पर बदलाव और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया से गुजर रही है। नए विमान खरीदने, सेवाओं में सुधार, बेड़े के विस्तार और विभिन्न इकाइयों के एकीकरण जैसे कई बड़े कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं। अब कंपनी का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाना है।

कंपनी के अनुसार, तेवोल्डे गेब्रेमारियम विमानन क्षेत्र के सबसे सफल प्रबंधकों में गिने जाते हैं। उन्होंने इथियोपियन एयरलाइंस समूह का कई वर्षों तक नेतृत्व किया और एक क्षेत्रीय विमान सेवा को अफ्रीका की सबसे बड़ी, सबसे लाभदायक और सबसे सम्मानित विमानन कंपनियों में बदलने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय मार्गों का तेजी से विस्तार किया और परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार किया।

गौरतलब है कि एयर इंडिया ने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी की तलाश के दौरान ऐसे व्यक्ति को प्राथमिकता दी, जिसे बड़े स्तर पर विमानन कंपनियों के पुनर्गठन, सुरक्षित संचालन, बेहतर ग्राहक सेवा और लाभदायक विस्तार का व्यावहारिक अनुभव हो। कंपनी का मानना है कि तेवोल्डे गेब्रेमारियम इन सभी मानकों पर खरे उतरते हैं।

टाटा संस और एयर इंडिया के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि कैंपबेल विल्सन के नेतृत्व में कंपनी ने स्थिरता, विभिन्न इकाइयों के एकीकरण और नए विमानों की खरीद जैसे शुरुआती महत्वपूर्ण चरण पूरे किए। अब एयर इंडिया विस्तार और बेहतर क्रियान्वयन के नए दौर में प्रवेश कर रही है। उनके अनुसार, तेवोल्डे गेब्रेमारियम का अनुभव एयर इंडिया को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा।

अपनी नियुक्ति पर तेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कहा कि एयर इंडिया का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया की ऐतिहासिक विरासत और भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ विश्वस्तरीय विमानन कंपनी बनाने का अवसर बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा जताया कि वह कंपनी के कर्मचारियों, निदेशक मंडल और सभी साझेदारों के साथ मिलकर सुरक्षित, भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं देने की दिशा में काम करेंगे।

मौजूद जानकारी के अनुसार, तेवोल्डे गेब्रेमारियम के पास विमानन क्षेत्र में लगभग 37 वर्षों का अनुभव है। वह इथियोपियन एयरलाइंस समूह के सबसे लंबे समय तक मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहने वाले अधिकारियों में शामिल रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी की वार्षिक आय लगभग एक अरब डॉलर से बढ़कर पांच अरब डॉलर तक पहुंच गई। इसी अवधि में यात्रियों की संख्या तीन करोड़ से बढ़कर बारह करोड़ नहीं बल्कि 30 लाख से बढ़कर एक करोड़ 20 लाख तक पहुंची, जबकि माल परिवहन क्षमता और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की संख्या में भी कई गुना वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के कर्मचारियों की संख्या भी 6,300 से बढ़कर 17,000 तक पहुंची।

बता दें कि तेवोल्डे गेब्रेमारियम ने वर्ष 1993 में अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वर्ष 1999 में उन्होंने ओपन यूनिवर्सिटी से व्यवसाय प्रबंधन में स्नातकोत्तर उपाधि हासिल की। एयर इंडिया को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कंपनी अपनी वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करते हुए भारतीय विमानन क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने में सफल होगी।

प्रमुख खबरें

Farooq Abdullah ने 5 अगस्त 2019 को लोकतंत्र का काला दिन बताया, राज्य का दर्जा बहाली की मांग की

Jharkhand Assembly के 750 मीटर दायरे में Section 163 लागू, धरना-प्रदर्शन पर रोक

Derek OBrien ने संसद में व्यवधान के लिए केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah को जिम्मेदार ठहराया

Congress में शामिल हुए 18 प्रमुख लोग, पूर्व IAS, IPS और वकील बने सदस्य