By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
माकपा के वरिष्ठ नेता वी. शिवनकुट्टी ने तिरुवनंतपुरम और अहमदाबाद के बीच प्रस्तावित ‘ट्विन सिटी’ साझेदारी का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि गुजरात के शहर का विकास मॉडल केरल की राजधानी पर नहीं थोपा जाना चाहिए। पूर्व मंत्री ने एक बयान में कहा कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम के प्रशासन और नागरिक सुविधाओं को अहमदाबाद के मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव अस्वीकार्य है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित तिरुवनंतपुरम नगर निगम परिषद ने सोमवार को विपक्षी दल माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) के विरोध और सदन से बहिर्गमन के बीच अहमदाबाद नगर निगम के साथ ट्विन सिटी साझेदारी कार्यक्रम को मंजूरी दी थी।
शिवनकुट्टी ने कहा कि तिरुवनंतपुरम में अहमदाबाद मॉडल पर आधारित विकास योजनाएं लागू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि विकास और सांस्कृतिक मानकों के लिहाज से केरल और उसकी राजधानी गुजरात से काफी आगे हैं, इसलिए विकास मॉडल के लिए अहमदाबाद की ओर देखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों शहरों की जनसांख्यिकी, संस्कृति, खानपान, जीवनशैली और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों में काफी अंतर है।
तिरुवनंतपुरम मुख्य रूप से प्रशासनिक केंद्र है, जहां मध्यम वर्ग और सरकारी कर्मचारियों की बड़ी आबादी रहती है। अहमदाबाद का जिक्र करते हुए शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि विदेशी मेहमानों के दौरे के समय वहां की अविकसित झुग्गी बस्तियों को कपड़ों से ढक दिया जाता है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम को ऐसे विकास मॉडल की जरूरत नहीं है, जो लोगों को अलग-अलग वर्गों में बांटे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पर अव्यावहारिक फैसले थोपने से विकास, बुनियादी ढांचे या प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कोई लाभ नहीं होगा। इसके बजाय नगर निकाय को मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।