अयोध्या के Deepotsav में 2100 से अधिक स्वदेशी Drone ने आसमान में उकेरे रामायण के प्रसंग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026

अयोध्या (उप्र), सात नवंबर उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव-2026 में भव्यता, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला और स्वदेशी ड्रोन से आसमान में रामायण के प्रसंगों को दिखाया गया। एक सरकारी बयान के अनुसार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दीपोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि अपने 40 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने इतना सुंदर और मंत्रमुग्ध करने वाला आयोजन नहीं देखा। शनिवार रात यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राम की पैड़ी पर आयोजित स्वदेशी ड्रोन शो में पूरा आसमान रामायण के प्रसंगों से जगमगा उठा।

बयान के अनुसार इस दौरान भगवान राम की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार की आकृतियां आसमान में उभरीं तो वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर निहारते रह गए। बयान के अनुसार किसी ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की तो कोई मोबाइल कैमरे में इन अद्भुत दृश्यों को कैद करते दिखाई दिया। बयान में कहा गया है कि आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत अंदाज में प्रस्तुत करने की इस पहल ने लोगों को आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ दिया।

बयान में कहा गया है कि आसमान में रोशनी और रंगों से बनती आकृतियों के बीच राम की पैड़ी जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजती रही। बयान में कहा गया है कि रामकथा को पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की आकृतियों ने भी लोगों को आकर्षित किया। बयान के मुताबिक एक के बाद एक उभरते दृश्यों के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और आधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण की कथा को इस तरह प्रस्तुत करने की लोगों ने सराहना की।

दीपोत्सव के दसवें संस्करण के लिए बनारस से पहली बार अयोध्या पहुंचे शाश्वत मिश्रा ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अपने आप में अद्भुत है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जगह-जगह जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे, दीपों से सजी रामनगरी और यहां पहुंचे लोगों का उत्साह देखकर मन खुश हो गया। अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि अपने 40 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने इतना सुंदर और मंत्रमुग्ध करने वाला आयोजन नहीं देखा।

उन्होंने 2100 से अधिक ड्रोन के माध्यम से रामायण प्रसंगों की प्रस्तुति और स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि दसवें दीपोत्सव में पूरे अयोध्या क्षेत्र में 70 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए हैं, रामायण का संदेश है, बुराई पर अच्छाई की जीत। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों बाद राम मंदिर का पुनर्निर्माण सत्य और आस्था में अटूट विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार, प्रशासन, कलाकारों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या का प्रकाश देश को विकसित और आत्मविश्वासी राष्ट्र बनने की प्रेरणा देता रहेगा।

प्रमुख खबरें

JNU के हॉस्टल में छात्र पर धारदार हथियार से हमला, AIIMS में इलाज के दौरान गंवाई आंख

Maharashtra Drought: जहां संभव होगा वहां बोरवेल खोदने की मिलेगी अनुमति, CM Devendra Fadnavis का एलान

FSSAI ने देशभर में 82 करोड़ रुपये की 3,280 टन मिलावटी खाद्य सामग्री की जब्त

Poland के Krakow में अंधाधुंध फायरिंग, 6 लोगों की मौत और 15 अन्य घायल