By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
नयी दिल्ली, सात नवंबर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने राष्ट्रव्यापी निरीक्षण अभियान के दौरान 82 करोड़ रुपये मूल्य के 3,280 टन ‘प्रतिबंधित और मानकों के अनुरूप न होने वाले’ खाद्य पदार्थों को जब्त किया है। प्राधिकरण ने शनिवार को यह जानकारी दी। एफएसएसएआई के मुताबिक त्योहारों के मौसम में मिलावट को रोकने के लिए यह अभियान एक सितंबर को शुरू किया गया था।
प्राधिकरण ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसने 52 लाइसेंस रद्द कर दिए, 1133 लाइसेंस का निलंबन किया और 314 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। एफएसएसएआई ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि त्योहारों के मद्देनजर उसने निगरानी बढ़ा दी है। नियामक ने बताया कि एक सितंबर से पांच नवंबर के बीच चलाए गए देशव्यापी प्रवर्तन अभियान के दौरान उसने 56,431 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और नियमों का पालन न करने वाले खाद्य उत्पादों को जब्त किया, जिनमें पनीर, घी, दूध और मिठाइयां शामिल हैं।
इसमें बताया गया है कि कुल 3,279.57 टन ‘प्रतिबंधित और नियमों का पालन न करने वाले’ खाद्य उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत 81.80 करोड़ रुपये है।