न फिजा में तनाव, न चेहरों पर शिकन, राम की नगरी में गंगा जमुनी तहजीब है कायम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2019

अयोध्या। अयोध्या पर उच्चतम न्यायालय के फैसले से राम लला की इस नगरी के लोगों की जिंदगी में कहीं, किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं हुयी है और सदियों से चली आ रही गंगा जमुनी तहजीब कायम है। मंदिरों में रोज की तरह सवेरे सवेरे लोग पूजा करने पहुंचे हैं, घंटियां बजने की आवाजें आ रही हैं, हिंदू हों या मुस्लिम, सभी इलाकों में दुकानें हर रोज की तरह खुली हैं और सामान्य दिनों की तरह बच्चे गलियों में खेलते नजर आ रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर पर फैसले के बाद अब बाबरी विध्वंस मामले की बारी, अप्रैल 2020 तक आ सकता है फैसला

आरपीएफ के पूर्व कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार मिश्रा ने भाषा को बताया कि अदालत का फैसला ऐतिहासिक है। दोनों पक्षों का ध्यान रखा गया है। ये भारत की गंगा जमुनी तहजीब के संस्कार को परिलक्षित करने वाला फैसला है। शहर के वरिष्ठ पत्रकार राजेश सिंह सेंगर ने कहा कि अयोध्या में हमेशा से गंगा जमुनी तहजीब रही है और वह आज भी है। जो फैसला आया है, उसके पहले भी और उसके बाद भी हिंदू मुसलमान एक साथ मिलजुल कर रहते आये है और आगे भी रहेंगे। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रभारी चंद्र प्रकाश मिश्रा ने कहा कि शहर के हालात एकदम सामान्य है, कहीं किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। कहीं किसी के बीच, किसी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं है। अयोध्या में गुलाब बाड़ी एक ऐसा इलाका है जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों की संख्या बहुत अधिक है लेकिन यहां की सड़कों से गुजरते हुए ऐसा लगा कि स्थिति जैसे पहले सामान्य चल रही थी, वैसी ही चल रही है। दुकानें खुली हुई है, आज रविवार है, छुट्टी का दिन है। गलियों में बच्चे पूरी मस्ती से खेल रहे हैं। शहर का एक इलाका है रीड गंज चौराहा जहां पर हिंदू और मुसलमान दोनों समुदाय के लोगों की दुकानें हैं। वहां कहीं किसी तरह का कोई तनाव नजर नहीं आता है। भारत ट्रेडर्स के मालिक मोहम्मद नौशाद ने बताया कि शहर के हालात सामान्य हैं। 

इसे भी पढ़ें: मुगल साम्राज्य, ब्रितानी हुकूमत और आजादी के बाद भी अनसुलझा रहा था अयोध्या मसला

रोज की तरह लोग अपने अपने काम में लगे हुए हैं। फैसला आया, लोगों ने फैसले का स्वागत किया। मुसलमान अमन चैन चाहता है। लोग त्योहारों को अपने-अपने घरों में अपने तरीके से मना रहे हैं ना कि सड़कों पर। हम एकता और शांति चाहते हैं। अयोध्या का इतिहास है भाईचारे का और मोहब्बत का। अयोध्या में सोहावल तहसील के रहने वाले शिक्षक मोहम्मद मुश्ताक हालांकि फैसले का स्वागत करते हैं लेकिन उनका यह भी कहना है कि कहीं ना कहीं कुछ लोगों के बीच समझबूझ की कमी है और वह इसे अपने ढंग से अभिव्यक्त कर रहे हैं। लेकिन अयोध्या के मुसलमान शीर्ष अदालत के फैसले का पूरी तरह सम्मान करते हैं। मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा की वेब सीरीज आश्रम में अभिनय कर रहे स्थानीय अभिनेता रत्नाकर दुबे का मानना है कि जब से पैदा हुए थे तब से मंदिर मस्जिद का मुद्दा चल रहा था और अब उसका निपटारा हो गया है तो लोग वापस अपनी सामान्य जिंदगी जी रहे हैं और अपने कामकाज में लगे हुए हैं।

प्रमुख खबरें

Jammu and Kashmir: शोपियां में NIA की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित दारुल उलूम सिराजुल उलूम और पूर्व जमात प्रमुख के घर पर छापेमारी

महंगाई की चौतरफा मार! ईंधन की कीमतों में फिर भारी उछाल, दिल्ली में पेट्रोल 102 और डीजल 95 के पार

Bengaluru की Startup Pronto पर बड़ा आरोप, AI Training के लिए घरों में हो रही Video Recording?

USA में भारतीय सेना का जलवा, Gulveer Singh ने National Record तोड़कर जीता सिल्वर मेडल