अयोध्या राम मंदिर में सावन मेले के दौरान सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

अयोध्या (उप्र), 27 जुलाई अयोध्या में सावन झूला मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए, राम मंदिर में सुरक्षा और दर्शन की व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, आठ से 11 अगस्त और 23 से 28 अगस्त के बीच आम श्रद्धालुओं के लिए बिना पास के मंदिर परिसर में प्रवेश पर रोक लगाई जा सकती है।

सूत्रों ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार, यानी 10 अगस्त को कांवड़ियों की सबसे ज्यादा भीड़ होने की उम्मीद है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, केवल पास धारकों को ही सप्त मंडपम और कुबेर नवरत्न टीला में प्रवेश की अनुमति होगी। अभी लागू सामान्य दर्शन व्यवस्था के तहत, 2-2 घंटे के अलग-अलग स्लॉट में 1,500 पास जारी किए जाते हैं।

ये पास श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के ज़रिए ऑनलाइन बनाए जाते हैं। अयोध्या नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष तिवारी ने बताया कि त्योहार के दौरान सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पूरे इलाके में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था, तीर्थयात्री सुविधा केंद्र, खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की जाएगी तथा अतिरिक्त पुलिस बल व पीएसी तैनात की जाएगी।

उन्‍होंने बताया कि सरयू घाटों और प्रमुख मंदिरों - नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी और कनक भवन - पर भी सुरक्षा कड़ी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) विजय शंकर मिश्र ने कहा कि अभी के लिए व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन भीड़ के हिसाब से मार्ग परिवर्तन और अन्य प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन वर्मा की अध्यक्षता में सुरक्षा समीक्षा बैठक पहले ही हो चुकी हैं, जबकि सुरक्षा का अंतिम रोडमैप श्री राम जन्मभूमि सुरक्षा समन्वय समिति की बैठक में मंज़ूर किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने बताया कि राम मंदिर में रोजाना लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था करने की क्षमता है। अगर ज्यादा भीड़ जमा होती है, तो श्रद्धालुओं को तय रास्तों से चरणबद्ध तरीके से दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी।

प्रमुख खबरें

Mirzapur The Movie ने घरेलू Box Office पर बटोरे 180 करोड़ रुपये से अधिक

Newspaper DIY Ideas: रद्दी Newspaper से बनाएं खूबसूरत Home Decor आइटम्स, अपनाएं आसान तरीके

Womens Asia Cup Final: श्रीलंका से भिड़ेगी भारतीय टीम, नजरें 8वें खिताब पर

यूपी में EWS सर्टिफिकेट और ज़मीन का बंटवारा ऑनलाइन हुआ; खतौनी रिकॉर्ड्स को आसान बनाया गया