Ayodhya में Sawan Jhula Mela हुआ शुरू, 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 16, 2026

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ माने जाने वाले सावन झूला मेले की शुरुआत शनिवार से हो गई और इसके साथ ही रामनगरी भक्ति के रंग में रंग गई है। यह मेला 28 अगस्त तक चलेगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या में मौजूद हैं।

मिश्र ने बताया कि अयोध्या के 5,000 से अधिक मंदिरों में सावन झूला सजाया गया है। अयोध्या में छोटे-बड़े 5,000 से अधिक मंदिर हैं, लेकिन इस उत्सव की भव्यता श्री राम जन्मभूमि, कनक भवन, राजा दशरथ जी का महल, अशर्फी भवन, राम वल्लभा कुंज, दिव्य कला कुंज, रंग महल, जानकी महल, राज सदन, रूप कला कुंज और मणिराम दास जी की छावनी जैसे प्रमुख मंदिरों में विशेष रूप से देखने को मिलेगी। स्थानीय संतों के अनुसार, सावन झूला मेला मनाने की परंपरा बहुत प्राचीन है।

ऐसी मान्यता है कि रामलला के जन्म के चार महीने बाद माता कौशल्या ने राजा दशरथ की अन्य रानियों के साथ मिलकर रामलला और उनके भाइयों को झूला झुलाया था और इस दौरान कजरी गीत गाए थे। अयोध्या के विभिन्न मंदिरों में यह सुंदर परंपरा सदियों से चली आ रही है। राम जन्मभूमि में भी सावन के पूरे महीने रामलला को सुंदर वस्त्रों और आभूषणों से सजाकर प्रतिदिन झूला झुलाया जाता है।

सोमवार को अयोध्या में प्रसिद्ध नाग पंचमी का पर्व भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध नागेश्वर नाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। सावन झूला मेले को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।

पूरे क्षेत्र को छह जोन और 29 सेक्टर में बांटकर दो पालियों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अयोध्या के नगर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक से लेकर कांस्टेबल तक पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

इसके अलावा पीएसी, त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ), एटीएस कमांडो और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें भी उपलब्ध रहेंगी। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। मणिपर्वत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

त्रिपाठी ने कहा, ‘‘हमने अधिकारियों के बीच काम स्पष्ट रूप से बांट दिया है और जिम्मेदारियां तय कर दी हैं, ताकि किसी तरह की कमी न रहे।’’ प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपात सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए मणिपर्वत से लेकर अयोध्या के विभिन्न हिस्सों तक पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जिला स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने कहा कि सावन झूला मेला श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। ग्रोवर ने कहा, ‘‘हमने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मणिपर्वत समेत मेले के पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सभी अधिकारी सतर्क हैं।

प्रमुख खबरें

West Bengal में स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव की तैयारी, Shyama Prasad Mukherjee पर शामिल होगा पाठ

ICC ODI World Cup 2027 Schedule: ऑस्ट्रेलिया से पहला मैच, 10 अक्टूबर को भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

Manipur Cabinet ने हिंसा में लापता 49 लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने को दी मंजूरी

राजस्थान में पंचायत चुनाव अभियान का आगाज, Govind Singh Dotasra ने भाजपा पर लगाए आरोप