Madurai Tanishq शोरूम से चुराया गया 15 करोड़ का सोना बरामद, 3 गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

मदुरै में तनिष्क शोरूम से चोरी किए गए करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य के 11.384 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मदुरै शहर के पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि चोरी की यह घटना 11-12 नवंबर की दरमियानी रात सी3 थिलागर थिडल थानाक्षेत्र में हुई थी।

उन्होंने इसे गंभीर सेंधमारी का अपराध बताया। इस घटना के बाद, मामले की जांच के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ए. जी. इनिगो दिव्यन की देखरेख में नौ विशेष टीमें गठित की गईं। राजेंद्रन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

चोरी किए गए पूरे गहने बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कर्ज और आलीशान जीवनशैली जीने की इच्छा इस अपराध के पीछे मुख्य वजह थी। मामले में मुख्य आरोपी की पहचान निशांत के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शोरूम में चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जांच में पता चला कि चोरी की योजना पहले से बनाई गई थी और आरोपियों ने पांच नवंबर को शोरूम की रेकी की थी। चोरी के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को ढकने के लिए स्प्रे पेंट का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने बताया कि निशांत ने चोरी किए गए सोने को अपने पिता सुरेश और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अपनी दोस्त मीनाक्षी के पास रख दिया था। प्राथमिकी में शुरुआत में चोरी हुए आभूषणों का वजन 15 से 18 किलोग्राम बताया गया था, ताकि मामला तत्काल दर्ज किया जा सके। हालांकि, बाद में वहां के प्रबंधन की ओर से की गई विस्तृत जांच में चोरी गए आभूषणों का वास्तविक वजन 11.384 किलोग्राम पाया गया।

प्रमुख खबरें

Cyclone Akwan: ओडिशा में भूस्खलन के खतरे से दो लाख लोग हटाए जाएंगे

सतारा तराली परियोजना पर Maharashtra वन मंत्री ने बुलाई Adani Group के साथ बैठक

177 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यूक्रेन का नागरिक Romania से भारत प्रत्यर्पित

Delhi PUC Centers: दिल्ली में 500 से ज्यादा प्रदूषण जांच केंद्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये