विज्ञापन का आयुर्वेद (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Apr 06, 2024

नकली बुद्धि के विज्ञापन कक्ष में असली आयुर्वेद का विज्ञापन बनाया जा रहा है। सभी छोटी बड़ी कम्पनियां चाहती हैं कि उन्हें आयुर्वेद का असली ठेकेदार बताया जाए। पहले एक पेस्ट के विज्ञापन में सफ़ेद कोट को उतार कर फेंका करते थे। फिर एक विज्ञापन ने बताया था कि स्टेथोस्कोप गले में लटकाकर कोई डाक्टर नहीं बन जाता या पुलिस वालों जैसी टोपी सिर पर रख कर पुलिस वाला। फिर नया विज्ञापन पकाया गया जिसमें ख़ास कंपनी के साबुन को आयुर्वेद की ताज़ा व असली वैध संतान बताया गया। समझाया गया कि पैक पर सुंदर फूल पतियां छाप देने से उत्पाद असली आयुर्वेद का नहीं बन जाता। 

इसे भी पढ़ें: नौटंकी का मौसम (व्यंग्य)

आयुर्वेद के जगत प्रसिद्ध सूत्रधार विज्ञापन करते रहे कि उनके पेस्ट में छब्बीस जड़ी बूटियां हैं एक दिग्गज एमएनसी ने वेद ज़्यादा गौर से पढ़ने के बाद केवल छ जड़ी बूटियां मिला कर प्राकृतिक पेस्ट बना दिया।  इन दोनों में असली असरकारक कौन है, आधा दर्जन जड़ी बूटियों वाला या उससे चार गुणा से ज़्यादा जड़ी बूटियों वाला, बस यही ग्राहक को घर पर टेस्ट और टैस्ट कर पहचानना था। अपनी सेहत को नकली, मिलावटी दवाई और भ्रामक विज्ञापन की खिलवाड़ से बचाना था....लेकिन।   

इधर विज्ञापन के बाज़ार ने हमें खरीद लिया और उधर नाम बटोरने और दाम कमाने का खेला चालू था। प्रतिस्पर्धा के मंच पर अपना अपना आयुर्वेद बेचने के चक्कर में भ्रामक विज्ञापन दिए, झूठे अभियान चलाए और बाज़ार की महारथी एलोपथी से झगड़ा मोल लिया। मामला कोर्ट पहुंचा तो छुट्टी होने लगी। पहले यही एमएनसी को स्वदेशी धन का लुटेरा बताकर अपनी करोड़ों की एमएनसी खड़ी कर सबकी छुट्टी कर दी बता रहे थे।

कहीं हमें अपनी भुलाई जा चुकी जीवन, घरेलू और प्राकृतिक चिकित्सा संस्कृति के पन्नों को फिर से पढ़ने की ज़रूरत तो नहीं आन पड़ी। कहां पढ़ेंगे? वेदों में, किताबों में, इरादों में या ख़्वाबों में, सवालों में या जवाबों में या फिर अनुभवों में। विज्ञापन की गिरफ्त में आना आसान है, मेहनत करना मुश्किल काम है लेकिन असलीयत भी तो एक चीज़ होती है और रहेगी। 

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Adani Enterprises और Jabil Inc ने Data Center उपकरणों के लिए 50:50 साझेदारी का प्रस्ताव दिया

Rishabh Pant चोट के कारण India A के शुरुआती दो Test मैचों से बाहर

Formula 1 की अफ्रीका में 33 साल बाद वापसी, Rwanda में होगा African Grand Prix

FIFA की पारदर्शिता पर सवाल, Gianni Infantino को वर्ल्ड कप संस्था से मिले 1.72 मिलियन डॉलर