Ranji Trophy: आयुष बडोनी के नाबाद शतक से Delhi ने पहले दिन बनाए 309 रन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026

शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान आयुष बडोनी के लगातार दूसरे शतक से दिल्ली ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के पहले दिन झारखंड के खिलाफ पांच विकेट पर 309 रन बनाए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम एक समय 181 रन तक पांच विकेट गंवा चुकी थी लेकिन बडोनी (नाबाद 106) ने ऑलराउंडर सुमित माथुर (नाबाद 50) के साथ छठे विकेट के लिए 128 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला। न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम में जगह नहीं बना पाने वाले बडोनी ने अपनी पिछली तीन पारियों में 85, 217 और नाबाद 106 रन बनाए हैं।

प्रियांश आर्य (39) और सनत सांगवान (37) ने नई गेंद का सामना करते हुए पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। आर्य के आउट होने के बाद सांगवान और यश धुल (29) ने दूसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। आयुष दोसेजा (23) और अनुज रावत (18) भी सस्ते में आउट हो गए जिसके बाद बडोनी और माथुर ने पारी को संभाला।

ऑफ स्पिनर प्रत्युष ने 24 ओवर में 63 रन देकर दो विकेट लिए। बडोनी और माथुर ने अपनी साझेदारी के दौरान नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाकर झारखंड के गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया। माथुर ने 119 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके लगाए।

मंगलापुरम में केरल के लिए बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 38 रन देकर तीन विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी से बारिश से प्रभावित रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन बंगाल की टीम छह विकेट पर 172 रन ही बना सकी। बंगाल के सलामी बल्लेबाज अंकुर पॉल ने 80 गेंद पर 66 रन की पारी खेली।

उनकी बल्लेबाजी से एक समय बंगाल का स्कोर दो विकेट पर 102 रन था लेकिन इसके बाद टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और उसका स्कोर पांच विकेट पर 108 रन हो गया। सुदीप कुमार घरामी (36) और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद (नाबाद 35) ने छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि दिन का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले मध्यम गति के गेंदबाज बेसिल एन ने घरामी को आउट कर दिया।

भुवनेश्वर में सेना के ऑफ स्पिनर पुलकित नारंग ने लगातार दूसरे मैच में पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने 47 रन देकर छह विकेट लिए जिससे ओडिशा की टीम पहली पारी में 194 रन पर सिमट गई। ओडिशा की ओर से गौरव चौधरी ने सर्वाधिक 41 रन बनाए।

दिन का खेल समाप्त होने तक सेना ने बिना किसी नुकसान के 13 रन बना लिए थे। पुणे में ऑफ स्पिनर सिद्धेश वीर ने चार जबकि तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर और बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने तीन-तीन विकेट लिए जिससे महाराष्ट्र ने गुजरात को 223 रन पर समेट दिया। गुजरात की ओर से अभिषेक देसाई ने 79 और जयमीत पटेल ने 58 रन बनाए।

दिन का खेल समाप्त होने तक महाराष्ट्र ने एक विकेट पर 24 रन बना लिए थे।

प्रमुख खबरें

Goa में 16 दिसंबर को होगा IPL 2027 Mini Auction, 15 नवंबर तक रिटेंशन लिस्ट

Election Commission में नियुक्तियां राजनीतिक प्रभाव से परे हों, पूर्व जज Abhay Oka ने उठाई मांग

TVK प्रमुख Vijay पर बरसे DMK नेता MK Stalin, राज्य में प्रशासनिक नाकामी के लगाए आरोप

Bihar Chief Secretary ने की समीक्षा बैठक, सभी DM को सड़क और Chhath पर दिए निर्देश