आजम-शिवपाल किनारे, गोविन्द बने सपा विधायक दल के नेता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 27, 2017

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक राम गोविन्द चौधरी उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे। उन्हें आज आजम खां और शिवपाल यादव जैसे नेताओं पर वरीयता देते हुए सपा विधायक दल का नेता चुना गया। सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम गोविन्द को विधायक दल का नेता मनोनीत किया है। चूंकि सपा सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है, लिहाजा राम गोविन्द विपक्ष के भी नेता होंगे।

 

बलिया की बांसडीह सीट से विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री राम गोविन्द को अखिलेश का करीबी माना जाता है। उन्हें आजम खां और पूर्व में नेता प्रतिपक्ष रह चुके शिवपाल यादव पर तरजीह देते हुए विधायक दल का नेता चुना गया। आठ बार के विधायक राम गोविन्द वर्ष 1977 में पहली बार तत्कालीन चिलकहर सीट से जनता पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गये थे। छात्र नेता के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले करीब 70 वर्षीय रामगोविन्द राज्य की पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री रहे। सपा के मौजूदा विधायकों में वह सबसे वरिष्ठ हैं। हाल में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली सपा को मात्र 47 सीटें हासिल हुई थीं, इसके बावजूद वह मुख्य विपक्षी दल बनने में कामयाब रही। उसकी सहयोगी कांग्रेस को महज सात सीटें ही हासिल हुईं। चौधरी ने यह भी बताया कि मंगलवार को सपा विधानमण्डल दल की बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। आगामी 29 मार्च को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव द्वारा विधायकों की बैठक बुलाये जाने के बारे में पूछने पर चौधरी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

प्रमुख खबरें

बांग्लादेशी नेता हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी भारत में शरण में, ढाका पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

ट्रंप–जेलेंस्की मुलाकात से शांति की उम्मीद, यूक्रेन युद्ध पर निर्णायक बातचीत की तैयारी

कोल इंडिया की आठ सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में उतारेगी सरकार, पारदर्शिता पर जोर

IPO की तैयारी में Zepto, 10 मिनट डिलीवरी का स्टार्टअप बड़े दांव के लिए तैयार, शेयर बाजार में खलबली!