बांग्लादेशी नेता हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी भारत में शरण में, ढाका पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

By Ankit Jaiswal | Dec 28, 2025

बांग्लादेश में राजनीतिक हलकों को झकझोर देने वाले उस्मान हादी हत्याकांड में अब एक बड़ा मोड़ सामने आया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, हत्या के मुख्य आरोपी वारदात के बाद भारत भाग निकले थे। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी मेघालय सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुए।

मौजूद जानकारी के अनुसार, जिन लोगों ने आरोपियों की मदद की थी, उन्हें भारतीय एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। ढाका पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के साथ औपचारिक और अनौपचारिक दोनों स्तरों पर संपर्क जारी है ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया जा सके।

गौरतलब है कि उस्मान हादी बांग्लादेश की राजनीति में एक चर्चित और मुखर चेहरा थे। वह भारत और अवामी लीग सरकार के मुखर आलोचक माने जाते थे। पिछले साल हुए छात्र आंदोलन, जिसे ‘जुलाई विद्रोह’ कहा गया, में उनकी अहम भूमिका रही थी। इसी आंदोलन के बाद शेख हसीना सरकार सत्ता से बाहर हुई थी।

बताया जा रहा है कि हादी आगामी संसदीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और उन्होंने ‘इंक़िलाब मंच’ नाम से एक नया राजनीतिक मंच भी बनाया था। 12 दिसंबर को ढाका में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां छह दिन बाद उनकी मौत हो गई।

उनकी हत्या के बाद बांग्लादेश में हालात बिगड़ गए थे। राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में हिंसा भड़क उठी थी। प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख अखबारों के दफ्तरों और सांस्कृतिक संगठनों में आगजनी की थी। मध्य बांग्लादेश में एक हिंदू फैक्ट्री कर्मचारी की भी भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी, जिससे तनाव और बढ़ गया।

फिलहाल बांग्लादेश सरकार इस पूरे मामले को लेकर भारत के संपर्क में है और उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के सहयोग से आरोपियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

प्रमुख खबरें

पेपर लीक पर सरकार का बड़ा प्रहार! लोकसभा में पेश होगा नया सख्त विधेयक, 10 साल तक की जेल और ₹10 करोड़ का जुर्माना

Task Force For Exam Reforms | राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में बड़े सुधार की तैयारी: नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय टास्क फोर्स गठित

West Asia Tension और US Fed के फैसले तय करेंगे Share Market की चाल, Crude Oil की कीमतों पर टिकी सबकी नजर

Samsung और SK Hynix का US Tech कंपनियों के साथ $950 Billion का मेगा एग्रीमेंट, AI Revolution को मिलेगी नई गति