By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन जी. साथियान सोमवार को यहां तीसरी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के पुरुष एकल मुकाबले में हारकर बाहर हो गए। पुरुष वर्ग में लगातार उलटफेर का दौर जारी रहा और कई वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों को प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। पुरुष वर्ग के शीर्ष दो वरीय खिलाड़ी पायस जैन और हरमीत देसाई रविवार को ही अंतिम 32 दौर में हारकर बाहर हो गए थे।
इसके बाद प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो गई। सोमवार को सबसे बड़ा उलटफेर तमिलनाडु के एम. बालमुरुगन ने किया। उन्होंने पांच गेम तक चले मुकाबले में पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन जी. साथियान को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
बालमुरुगन ने दूसरे और तीसरे गेम में हारने के बाद शानदार वापसी की और 11-7, 4-11, 6-11, 11-8, 11-7 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। जस मोदी और सौम्यदीप सरकार ने भी संघर्ष दिखाते हुए जीत दर्ज की। वहीं असम के प्रियानुज भट्टाचार्य ने 3-0 से आसान जीत दर्ज की।
पुनीत बिस्वास, अंकुर भट्टाचार्जी, रेगन अल्बुकर्क और एसएफआर स्नेहित ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं महिला एकल वर्ग में प्रमुख खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा। पश्चिम बंगाल की शीर्ष वरीय सिंड्रेला दास ने अनुषा कुटुम्बले को 6-11, 12-10, 11-7, 11-4 से हराया।
दूसरी वरीय यशस्विनी घोरपड़े ने भी अगले दौर में जगह बनाई। इस तरह महिला वर्ग में शीर्ष दो वरीय खिलाड़ियों की चुनौती बरकरार रही। अनुभवी खिलाड़ी श्रीजा अकुला को महाराष्ट्र की हार्डी पटेल के खिलाफ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन 8-11, 11-5, 15-13, 11-5 से जीत दर्ज की।