By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026
केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा एक दिन पहले प्रधानमंत्री, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ चलाए गए ‘‘दुष्प्रचार अभियान’’ के बावजूद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मुलाकात कर केंद्र और राज्य के बीच सहयोग के महत्व को प्रदर्शित किया। मंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद गहरे होने के बावजूद मोदी ने केंद्र और राज्य के बीच सहयोग तथा तेलंगाना के विकास के लिए बातचीत का रास्ता खुला रखने को महत्व दिया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री संजय कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी जी एक सच्चे राजनेता हैं।
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस उदारता का परिचय दिया, वह नेतृत्व का एक सबक है। हैदराबाद में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाए जाने के एक दिन बाद मोदी जी ने राजनीति से ऊपर राज्य के विकास को प्राथमिकता देते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उनसे लंबित सिंचाई परियोजनाओं के लिए मंजूरी तथा धनराशि उपलब्ध कराने और अंतरराज्यीय जल विवादों को सुलझाने में मदद मांगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 11 से 22 दिसंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) 2026 के उद्घाटन और समापन समारोहों में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।