आईसीसी ने बेंगलुरू की पिच को औसत से कमतर आंका

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 21, 2022

दुबई|  भारत और श्रीलंका के बीच इस महीने के शुरू में दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच की मेजबानी करने वाले चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने औसत से कमतर आंका है।

आईसीसी के बयान में मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने कहा, ‘‘पिच से पहले दिन ही बहुत अधिक टर्न मिल रहा था। प्रत्येक सत्र के साथ हालांकि इसमें सुधार होता गया लेकिन मेरी नजर में इसमें बल्ले और गेंद के बीच समान मुकाबला देखने को नहीं मिला।’’ श्रीनाथ की रिपोर्ट भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को भेज दी गयी है।

इससे पहले भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 2017 में खेले गये मैच के बाद भी आईसीसी मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने बेंगलुरू की पिच को औसत से कमतर आंका था। आईसीसी पिच एवं आउटफील्ड निगरानी प्रक्रिया के अनुसार, ‘‘यदि पिच या आउटफील्ड को निम्न स्तर का आंका जाता है तो उस स्थान को उसी हिसाब से डिमेरिट अंक दिये जाते हैं।’’

इसके अनुसार, ‘‘जिस स्थल की पिच को औसत से कम आंका जाता है उसे एक डिमेरिट अंक मिलता है तथा जिस स्थल की पिच को बेहद घटिया या खेल के योग्य नहीं आंका जाता है उसे क्रमश: तीन और पांच डिमेरिट अंक मिलते हैं।’’

डिमेरिट अंक पांच साल तक प्रभावी रहते हैं। किसी भी स्थल को पांच डिमेरिट अंक मिलते हैं तो उसे एक साल के लिये अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करने से प्रतिबंधित कर दिया जाता है।

आईसीसी के अनुसार यदि किसी स्थल को 10 डिमेरिट अंक मिलते हैं तो उस स्थल पर दो साल तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित नहीं किया जा सकता है।

प्रमुख खबरें

BJP नेता Smriti Irani का हमला, हार के बाद Congress कर रही संवैधानिक संस्थाओं का अपमान

Shivraj Singh Chouhan बोले, El Nino और बाढ़ के बावजूद खरीफ उत्पादन में बड़ी गिरावट नहीं आएगी

Maharashtra का लोकप्रिय Traditional Snack है कोथिंबीर वड़ी, शाम की चाय के लिए ऐसे बनाएं

गणेश चतुर्थी पर Jubin Nautiyal बने पापा, बोले- अभी बेटे का नाम तय नहीं किया