By अंकित सिंह | Aug 16, 2025
इस्कॉन के एक प्रमुख पूर्व पुजारी और बांग्लादेश सम्मिलिता सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता चिन्मय कृष्ण दास ब्रह्मचारी की गिरफ्तारी के लगभग एक साल बाद, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने जन्माष्टमी के अवसर पर हिंदू समुदाय को शुभकामनाएँ दीं। अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने शांति और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश जारी किया। यूनुस ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों की प्रशंसा करते हुए उनके न्याय, मानवीय करुणा और शांति के संदेश को एक अधिक सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि मैं सभी से सतर्क रहने का आह्वान करता हूं ताकि कोई भी समाज में मौजूदा व्यवस्था, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को कमजोर न कर सके। मेरा मानना है कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श और शिक्षाएं आपसी सद्भावना एवं भाईचारे के बंधन को और मजबूत करेंगी। यूनुस ने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव बांग्लादेश की संस्कृति की एक अद्वितीय पहचान है और यहां के लोग सदियों से अपने-अपने धर्मों का पालन करते हुए “मजबूत सौहार्द की भावना” को बनाए रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी अंतरिम सरकार सद्भाव के इस अटूट बंधन को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
यूनुस ने कहा, ‘‘आइए, हम अपने सामूहिक प्रयासों से भेदभाव मुक्त और सांप्रदायिक सद्भाव से समृद्ध एक नए बांग्लादेश का निर्माण करें।’’ पिछले साल अगस्त में यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में खटास आ गई थी। भारत अपने इस पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं पर हमलों को लेकर चिंता व्यक्त करता रहा है। भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बांग्लादेश में सार्वजनिक अवकाश रहता है।