By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 20, 2026
बांग्लादेश में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान जारी है। देश में इस पद के लिए 35 साल में पहली बार हो रहे मुकाबले के तहत सांसद 23वें राष्ट्रपति के चयन के लिए मतदान कर रहे हैं। मतदान स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजे तक जारी रहेगा जो संसद में हो रहा है और 349 सांसद मतदान करने के पात्र हैं।
यह 1991 के बाद बांग्लादेश में राष्ट्रपति पद के लिए ऐसा पहला चुनाव है जिसमें मुकाबला हो रहा है। इस पद के लिए पिछले कुछ दशकों में आम तौर पर सर्वसम्मति से या निर्विरोध चयन होता रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के करीबी सहयोगी मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले पिछले महीने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की और मतदान की तारीख 20 अगस्त तय की। देश के संविधान के तहत राष्ट्रपति पद रिक्त होने के 90 दिनों के भीतर नए राष्ट्रपति का चुनाव किया जाना आवश्यक है। राष्ट्रपति पद रिक्त होने के बाद संवैधानिक प्रावधानों के तहत संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद फिलहाल कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
बांग्लादेश की संवैधानिक व्यवस्था के तहत राष्ट्रपति का चुनाव सांसद करते हैं। सत्तारूढ़ बीएनपी के पास इस समय संसद में दो-तिहाई बहुमत है, जिससे आलमगीर राष्ट्रपति पद की दौड़ में मजबूत स्थिति में हैं। प्रधानमंत्री एवं बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने पार्टी के लंबे समय तक महासचिव रहे और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के करीबी सहयोगी आलमगीर को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था।