By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
ढाका, आठ नवंबर बांग्लादेश के कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमां ने रविवार को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को ‘‘दोषी अपराधी’’ बताया और कहा कि ढाका ने भारत से उन्हें प्रत्यर्पित करने का अनुरोध किया है। स्थानीय मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई। ढाका में एक प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए असदुज्जमां ने कहा कि सरकार हसीना को भारत से वापस लाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठा रही है और उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करेगी।
‘बीडीन्यूज24’ की एक खबर के अनुसार, मंत्री ने कहा, ‘‘मेरे लिए वह (हसीना) एक अपराधी हैं। हमारे न्यायाधिकरण ने उन्हें दोषी ठहराया है। हमारे लिए उनकी यही पहचान है।’’ हसीना को बांग्लादेश वापस लाए जाने के बारे में पूछे जाने पर कानून मंत्री ने कहा कि सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी और भावनाओं के आधार पर कोई फैसला नहीं लेगी।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के अनुसार, असदुज्जमां ने कहा, ‘‘हालांकि कानून मंत्रालय इस मामले में सीधे तौर पर शामिल नहीं है, लेकिन गृह मंत्रालय इससे जुड़ा है क्योंकि यह भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि से संबंधित है। इस मामले में भावनाओं के लिए कोई जगह नहीं होगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हमने संधि के तहत और उचित कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से हसीना को वापस भेजने का अनुरोध किया है।’’ असदुज्जमां ने कहा, ‘‘यह भारत सरकार का मामला है।
हमने प्रत्यर्पण संधि के तहत उनसे अनुरोध किया है।’’