मुहूर्त ट्रेडिंग: BSE Sensex 401 अंक उछला, संवत 2083 की मजबूत शुरुआत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026

मुंबई, आठ नवंबर मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने रविवार को विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र की शुरुआत मजबूत रुख के साथ की। सन फार्मा, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में खरीदारी से बाजार को समर्थन मिला। शेयर बाजार में जारी तेजी के रुख को आगे बढ़ाते हुए 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स मुहूर्त सत्र में शुरुआती कारोबार के दौरान 401.80 अंक उछलकर 81,406 अंक पर पहुंच गया।

इसके साथ ही हिंदू कैलेंडर वर्ष संवत 2083 की शुरुआत हुई। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 79.15 अंक चढ़कर 25,109.40 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टाटा स्टील, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, मारुति और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में उल्लेखनीय बढ़त हुई।

दूसरी तरफ इन्फोसिस, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है, जो नए हिंदू कैलेंडर वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि मुहूर्त या शुभ घड़ी के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय प्रगति आती है।

नियमित कारोबारी दिनों के विपरीत, जब शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलते हैं, मुहूर्त कारोबार एक छोटी अवधि के लिए संचालित होता है। पिछले संवत वर्ष 2082 में बीएसई का मानक सूचकांक 3,398.32 अंक या चार प्रतिशत टूटा था, जबकि निफ्टी में 838.25 अंक या 3.24 प्रतिशत की गिरावट आई थी। पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत का उछाल आया है, जबकि निफ्टी 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत चढ़ा है।

प्रमुख खबरें

Indian Oil Corporation खरीदेगी खुद के Ships, भारत में निर्माण की भी तैयारी

ठाणे में नाबालिग से दरिंदगी के मामले में दोषी को POCSO Court ने सुनाई 20 साल की कैद

Post Diwali Detox: थकान मिटाकर शरीर को दोबारा एक्टिव करने के आसान तरीके

Under-19 Asia Cup में Arjun Rajput के शतक के बाद भी भारतीय टीम 208 रन पर सिमटी