By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 30, 2026
पटना, 30 जुलाई बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में मतदान धीमी गति से जारी है और निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह नौ बजे तक 3.80 लाख पात्र मतदाताओं में से 4.61 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह नौ बजे तक मतदान करने वालों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी. पी. ठाकुर, उनके पुत्र और नवादा से सांसद एवं भाजपा नेता विवेक ठाकुर, उनके परिवार के अन्य सदस्य तथा बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव प्रमुख रहे। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं।
इस बीच, जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि बिहार पुलिस ने सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर उनके कई समर्थकों को हिरासत में लिया है क्योंकि भाजपा को बांकीपुर उपचुनाव में हार का डर सता रहा है। प्रशांत किशोर ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात जक्कनपुर थाना पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात भी की।