By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सरपंच का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने सोमवार रात कथित तौर पर मतदान दल पर हमला कर दिया और जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात छोटी सरवा पंचायत समिति की बावड़ी निनामा ग्राम पंचायत में हुई।
सरपंच पद के प्रत्याशी ललित कुमार 32 मतों से चुनाव हार गए थे। नतीजे घोषित होने के बाद उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और उन्होंने मतदान दल पर हमला कर दिया जिसमें कई मतदानकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि भीड़ ने मतदानकर्मियों पर पथराव किया और उनके साथ मारपीट की और इसके बाद जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर कुशलगढ़ के उपखंड अधिकारी मुकेश मीणा और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और हिंसा तथा आगजनी में शामिल होने के संदेह में कई लोगों को हिरासत में लिया। मीणा ने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है और एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
राजस्थान के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए सोमवार को पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान हुआ और चुनाव परिणाम सोमवार को जारी कर दिए गए।