Budget 2026 से पहले Gold-Silver Price में भूचाल, MCX पर लोअर सर्किट से निवेशकों में हड़कंप।

By Ankit Jaiswal | Feb 01, 2026

बजट से पहले सर्राफा बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली। रविवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई, जिससे वायदा कारोबार में दोनों धातुएं अपने लोअर सर्किट स्तर तक फिसल गईं।

कीमती धातुओं में इस तेज बिकवाली का असर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर भी दिखा, जहां एमसीएक्स के शेयर 10 फीसदी गिरकर 2,145.25 रुपये के लोअर सर्किट पर बंद हुए हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को भी सोना और चांदी में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई।

मौजूद जानकारी के अनुसार, यह गिरावट ऐसे समय आई है जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने जा रही हैं। इसी वजह से एमसीएक्स को 1 फरवरी को विशेष रविवार सत्र के लिए खोला गया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि बीते कुछ महीनों में रिकॉर्ड तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है। गुरुवार को सोना 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक उच्च स्तर पर पहुंची थी। इसके बाद शुक्रवार तक सोना करीब 1.5 लाख और चांदी 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक लुढ़क गई।

मिराए एसेट शेयरखान के आंकड़ों के मुताबिक, हालिया गिरावट में सोने का वैश्विक मार्केट कैप लगभग 3.5 ट्रिलियन डॉलर घटा है, जबकि चांदी में करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर की कमी आई है। हालांकि, साल की शुरुआत से अब तक सोना करीब 3 ट्रिलियन और चांदी 2 ट्रिलियन डॉलर की बढ़त बनाए हुए है।

जानकारों के अनुसार, मुनाफावसूली के अलावा लंबी पोजिशनों की भारी कटौती और अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने भी दबाव बनाया है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों और नेतृत्व को लेकर अटकलों ने भी बाजार की धारणा को कमजोर किया है।

आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के मनीष शर्मा के मुताबिक, अमेरिकी फेड ने ब्याज दरों को स्थिर रखते हुए महंगाई को अभी भी ऊंचा बताया है, जिससे डॉलर और बॉन्ड यील्ड मजबूत हुए हैं और इसका सीधा असर सर्राफा बाजार पर पड़ा है।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी