By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चक्रवात अकवान के कारण हुई बारिश से फसलों और बागवानी उपज को हुए नुकसान के लिए 5.73 लाख से अधिक किसानों को 212.3 करोड़ रुपये का प्रारंभिक मुआवजा पैकेज देने की रविवार को घोषणा की। अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि तत्काल राहत के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से करीब 205 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीज और अन्य मदों के लिए सहायता को मिलाकर कुल आवंटन 212.3 करोड़ रुपये हो गया है।
चक्रवात अकवान ने शुक्रवार सुबह पड़ोसी ओडिशा में गोपालपुर तट के पास दस्तक दी थी, जिसके कारण दक्षिणी पश्चिम बंगाल में बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती आकलन के मुताबिक फसलों को करीब 700 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इसमें सबसे अधिक नुकसान धान की फसल को हुआ है।
उन्होंने बताया कि सिंचित क्षेत्रों के किसानों को प्रति हेक्टेयर 17,000 रुपये और वर्षा आधारित क्षेत्रों के किसानों को प्रति हेक्टेयर 8,500 रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वहीं, बारहमासी फसलें उगाने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 22,500 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार किसान हितैषी है और इन मामलों को लेकर बेहद संवेदनशील है।
हम किसानों के साथ खड़े हैं।’’ अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती अनुमान के मुताबिक आठ जिलों- हुगली, हावड़ा, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पुरुलिया और पूर्व मेदिनीपुर में करीब 1.6 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है। अधिकारी ने कहा कि अमन धान, सरसों, मसूर, सब्जियों, फूलों, केले, पपीते और पान की बेलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, ‘‘मौसम में सुधार होने के साथ ही राज्य सरकार सोमवार से 48 घंटे का विशेष अभियान शुरू करेगी।
इसके तहत जलभराव वाले खेतों से पानी निकाला जाएगा, ताकि किसान पकी हुई अमन धान की फसल के सड़ने से पहले उसकी कटाई कर सकें। इस काम के लिए पंपसेट और श्रमिकों को तैनात किया जाएगा। इनमें ग्रामीण रोजगार योजना के तहत काम करने वाले श्रमिक भी शामिल होंगे।
किसानों से इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की निगरानी सिंचाई विभाग के साथ आपदा प्रबंधन और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी करेंगे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव रविवार रात तक जिला प्रशासनों को लिखित निर्देश जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को रबी और गर्मियों की फसलों की खेती दोबारा शुरू करने में मदद के लिए मुफ्त बीज और गर्मियों की सब्जियों के बीज किट उपलब्ध कराने के वास्ते पांच करोड़ रुपये रखे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पान की बेल उगाने वाले किसानों के लिए तीन करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन किया गया है। अधिकारी ने कहा कि पूर्व मेदिनीपुर और ग्रामीण हावड़ा के श्यामपुर तथा उदयनारायणपुर समेत कुछ इलाकों में 385 हेक्टेयर भूमि पर पान की खेती करने वाले करीब 9,240 किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मालदा जिले के गाजोल, हबीबपुर और बामनगोला प्रखंडों के करीब 19,000 किसानों को 11 नवंबर को ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए 8.12 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘फसल नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत विशेष शिविर लगाए जाएंगे। कृषि और बागवानी विभाग आकलन तथा सहायता राशि के वितरण की निगरानी करेंगे, जबकि जिलाधिकारी इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।’’