MCX पर Gold और Silver के दाम एक साल के निचले स्तर पर, आगे भी गिरावट के आसार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

सोने और चांदी की कीमतों में एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद अगले सप्ताह भी गिरावट जारी रह सकती है। विश्लेषकों ने यह राय़ जताई है। विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों की नजर अमेरिका के महंगाई के अहम आंकड़ों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेतों पर रहेगी, जिनसे ब्याज दरों की आगे की दिशा का पता चलेगा।

विश्लेषकों के मुताबिक, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के शुरुआती आंकड़ों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। इसके बाद अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), आवास क्षेत्र और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर से जुड़े आंकड़े जारी होंगे। महंगाई के आंकड़े भी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर उम्मीदें तय करने में अहम होंगे।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है और इनमें गिरावट जारी रहने की आशंका है। निवेशक आने वाले आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों की दिशा का आकलन कर रहे हैं, ऐसे में कीमतों में और गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 14,927 रुपये यानी 11 प्रतिशत टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

यह एक साल से अधिक का निचला स्तर है। सोने का वायदा भाव इससे पहले 30 अक्टूबर, 2025 को इस स्तर के आसपास था, जब यह 1,21,508 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। दिसंबर में आपूर्ति वाली चांदी का वायदा भाव इससे भी अधिक 28,496 रुपये यानी 16.2 प्रतिशत गिरकर एक साल से अधिक के निचले स्तर पर आ गया।

चांदी का भाव इससे पहले तीन नवंबर, 2025 को इस स्तर के आसपास 1,47,758 रुपये प्रति किलोग्राम था। एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी एवं करेंसी के उपाध्यक्ष और शोध विश्लेषक जतीन त्रिवेदी ने कहा, एमसीएक्स पर सोने में पिछले सप्ताह भारी बिकवाली हुई और इसका भाव 11 प्रतिशत गिर गया। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सर्राफा बाजारों में मुनाफावसूली तेज होने से कीमतों में जारी गिरावट और बढ़ गई।

उन्होंने कहा कि रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में तेज गिरावट से भी कमजोरी बढ़ी। रुपये की मजबूती से आयातित सोने की लागत कम होती है, जिससे एमसीएक्स पर कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बिकवाली का यही रुख रहा।

कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव सप्ताह के दौरान 370.9 डॉलर यानी 9.5 प्रतिशत गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, चांदी 8.05 डॉलर यानी 16.4 प्रतिशत टूटकर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। मेर ने कहा, पिछले सप्ताह सर्राफा बाजार में बिकवाली तेज हुई।

सोना करीब 3,500 डॉलर और चांदी 41 डॉलर के स्तर तक गिर गई। दोनों धातुओं में साप्ताहिक आधार पर क्रमशः करीब 10 से 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की सख्त टिप्पणियों से कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा है।

इन टिप्पणियों से ब्याज दरें ऊंची बने रहने की आशंका बढ़ी है। कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में व्यापक बिकवाली ने भी दबाव बढ़ाया। मेर ने कहा कि औद्योगिक धातुओं, खासकर तांबे और जस्ते की कीमतों में तेज गिरावट से भी चांदी को अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में बिकवाली के कारण निवेशकों ने सर्राफा बाजार में भी अपनी स्थिति घटाई। इसके साथ ही सुरक्षित निवेश माने जाने वाले बॉन्ड में खरीदारी बढ़ी। अमेरिकी डॉलर प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले मजबूत बना रहा और इसका सूचकांक 104 के स्तर की ओर बढ़ा।

वहीं, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की टिप्पणियों से संकेत मिला कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं।

प्रमुख खबरें

Cyclone Akwan: पश्चिम बंगाल में किसानों को 212 करोड़ रुपये की राहत राशि

George Russell का स्तर मुझसे काफी नीचे है जीत के बाद बोले Max Verstappen

BJP ने Uttarakhand में तय किया 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य

Rajeev Mehta पांच दिसंबर को होने वाले IOA अध्यक्ष चुनाव में भरेंगे पर्चा