TMC के चुनाव चिह्न पर रोक में देरी पर Bengal Congress ने Election Commission की नीयत पर उठाए सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026

कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी गुटों को पार्टी का नाम और उसके ‘पुष्प एवं तृण’ चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने से रोकने के फैसले की शुक्रवार को आलोचना की और आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने आगामी उपचुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक इस मामले में जानबूझकर फैसला टाला है। सरकार ने एक बयान में कहा कि तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न को लेकर विवाद नया नहीं है और निर्वाचन आयोग को इस मामले का जल्द समाधान करना चाहिए था। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमें यह देखकर हैरानी हुई कि निर्वाचन आयोग ने इस मामले में जानबूझकर देरी की और रेजीनगर एवं नंदीग्राम उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया समाप्त होने के दिन ही अपना फैसला सुनाते हुए चुनाव चिह्न पर रोक लगा दी।

उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक प्रतिस्पर्धा एवं वैचारिक लड़ाई होती रहेगी और संसदीय लोकतंत्र में यही वांछनीय है। अगर किसी को हराना है तो हम संसदीय लोकतंत्र के जरिये हराएंगे। अगर किसी को राजनीतिक रूप से खत्म करना है तो पश्चिम बंगाल की जनता अपने जनादेश के जरिये ऐसा करेगी।’’ सरकार ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ‘‘भाजपा के अग्रिम संगठन की तरह काम कर रहा है’’ और उसने ‘‘एक राजनीतिक दल को खत्म करने’’ की कोशिश शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह संसदीय लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।’’ सरकार ने स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस का राजनीतिक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं की हत्या, पार्टी कार्यालयों पर कब्जे और ‘‘घोर कुशासन’’ के लिए तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारे पर किसी राजनीतिक दल को खत्म करने की इस प्रकार की कवायद शुरू कर दे। आयोग का इस तरह का पक्षपातपूर्ण रवैया लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर कर रहा है।’’ सरकार ने कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस फैसले का कड़ा विरोध करती है।’’ इस बीच, निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट को उपचुनाव के लिए ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न आवंटित किया। आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के अरूप रॉय गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न दिया।

निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों को पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के दौरान पार्टी के नाम और ‘पुष्प एवं तृण’ चुनाव चिह्न का इस्तेमाल न करने का बृहस्पतिवार को निर्देश दिया था।

प्रमुख खबरें

Ramesh Chennithala ने निजी चैनल पर पुलिस Raid में ज्यादती के आरोपों को नकारा

Asian Games 2026 में Soft Tennis Team Event से बाहर हुआ India, अब Singles में चुनौती

Niphad में UBT नेता के विरोध पर भड़का प्रशासन, Chief Officer ने पुलिस कार्रवाई की मांग की

Hyderabad में KCR परिवार के खिलाफ Congress के बैनर, 388 एकड़ जमीन की 30 दिन में होगी जांच