Gurugram में ससुराल पक्ष ने BJP पार्षद और उनके पिता को पीटा, पांच आरोपी गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने शनिवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पार्षद और उनके पिता पर उनके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यहां सेक्टर 45 की एक आवासीय सोसाइटी में रहने वाले पार्षद प्रथम वशिष्ठ और उनके पिता प्रवीण चंद्र वशिष्ठ पर उनके ससुराल में धारदार हथियारों, डंडों व हॉकी स्टिक से कथित रूप से हमला किया गया।

पुलिस ने बताया कि पार्षद के पिता के सिर पर पिस्तौल के ‘बट’ से कथित तौर पर वार किया गया। इस घटना में दोनों घायल हो गए और उनका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सेक्टर 40 थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के सिलोकहरा गांव के निवासी सतबीर शर्मा (57), प्रवीण शर्मा (53), दीपांकर शर्मा (22), पारस शर्मा (31) और दीपक शर्मा (36) के रूप में हुई है। पार्षद प्रथम वशिष्ठ ने शिकायत में कहा कि करीब एक साल विवाद के बाद उनकी पत्नी अक्टूबर 2025 में मायके चली गई थीं। शिकायत में बताया गया कि 12 नवंबर को प्रथम के ससुर सतबीर शर्मा ने उनके पिता को फोन कर बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था और इसके बाद 13 नवंबर को पूर्वाह्न करीब 11 बजे वह अपने पिता के साथ ससुराल गए थे।

बातचीत शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसी दौरान प्रवीण शर्मा व दीपक शर्मा भी वहां पहुंच गए और धारदार हथियार से प्रथम के पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य लोग भी मारपीट में शामिल हो गए।

शिकायतकर्ता ने बताया कि सतबीर शर्मा ने उनके पिता के सिर पर पिस्तौल के ‘बट’ से वार किया जबकि दोनों को हॉकी स्टिक व डंडों से पीटा गया। पार्षद ने बताया कि जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनका पीछा किया, जबकि परिवार की कुछ महिलाओं ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायत में बताया गया कि बाद में उन्होंने एक राहगीर से फोन लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष को घटना की सूचना दी।

इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पिता-पुत्र एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना के संबध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रमुख खबरें

NCP Merger पर Sunetra Pawar के फैसले बिना चर्चा बेनतीजा रहेगी: Chhagan Bhujbal

Kota JK Lon Hospital के अधीक्षक और नर्सिंग कर्मियों पर तकनीशियन को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

Allahabad High Court ने कैदी की उम्र बदलने वाली अदालत कर्मी की बर्खास्तगी रखी बरकरार

Team India से बाहर होने पर छलका Suryakumar Yadav का दर्द, वापसी के लिए लगाएंगे पूरा जोर