By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
हिंगलगंज (पश्चिम बंगाल), आठ नवंबर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार देश की सीमाओं की सुरक्षा में असाधारण योगदान देने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और राज्य पुलिस के कर्मियों को सम्मानित करने के लिए 2027 से ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार शुरू करेगी। शुभेंदु ने कहा कि पुरस्कार पाने वाले कर्मियों का चयन करने के लिए एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने बांग्लादेश की सीमा से लगे उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज इलाके में बीएसएफ के जवानों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम बीएसएफ, एसएसबी और पश्चिम बंगाल पुलिस के कर्मियों को अगले साल से ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार देंगे।’’ बीएसएफ भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा करता है, जबकि एसएसबी के कर्मी नेपाल और भूटान से लगी सीमाओं पर तैनात हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवाली और काली पूजा के अवसर पर जवानों को शुभकामनाएं देने के लिए हिंगलगंज सीमा चौकी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर जवानों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। शुभेंदु ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मैं पिछली सरकार द्वारा बीएसएफ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों और उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में आपसे माफी मांगता हूं।’’ उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब 600 किलोमीटर लंबे हिस्से पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को आवश्यक जमीन उपलब्ध नहीं कराई थी।
शुभेंदु ने कहा कि राज्य में सत्ता संभालने के तुरंत बाद भाजपा सरकार ने बीएसएफ को खुली सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक जमीन मिलना सुनिश्चित किया।