Koyel Mallick BJP में शामिल, राज्यसभा के लिए आज ही दाखिल करेंगी पर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 05, 2026

कोलकाता, पांच अक्टूबर बंगाली फिल्म अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। भाजपा ने एक दिन पहले रुक्मिणी मल्लिक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। रुक्मिणी कोयल मल्लिक के नाम से लोकप्रिय हैं।

कोयल मल्लिक का भाजपा में स्वागत करते हुए पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई की महासचिव शशि अग्निहोत्री ने कहा कि अभिनेत्री सोमवार को राज्यसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मल्लिक ने कहा, ‘‘संसद के उच्च सदन की सदस्य बनना और लोगों के कल्याण के लिए काम करने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।’’ अभिनेत्री-राजनेता ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार द्वारा शुरू की जा रही विकास पहलों का हिस्सा बनना चाहती हैं। उन्होंने राज्यसभा उम्मीदवार बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का आभार जताया।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की 12 राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर की जा रही नकारात्मक टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर मल्लिक ने कहा, ‘‘ वे शायद अपनी ही परेशानियों के कारण इस तरह की अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं।

मुझे उनसे कोई नाराजगी नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि नयी सरकार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे बंगाल की प्रतिभाओं को राज्य में ही अवसर मिल सकें और उन्हें बाहर जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि वह भी इन पहलों का हिस्सा बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और कटुता की मूल वजह लोगों के पास काम की कमी है।’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या थोड़े समय के लिए तृणमूल कांग्रेस से जुड़ना और अब भाजपा में शामिल होना गलत फैसला था, तो उन्होंने कहा, ‘‘ हर राजनीतिक दल के काम करने और लोगों का भला करने के अपने-अपने तरीके होते हैं।

मुझे इस बात पर बेहद गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि मैं अब ऐसी पार्टी का हिस्सा हूं, जिसने पिछले कुछ महीनों में पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए कल्याणकारी काम किए हैं।

प्रमुख खबरें

सुन हमला देश के ऊपर बंदूक उठा...ट्रंप ने धमकाया, इधर ईरान ने महिलाओं को भी बंदूक थमाया, जमीनी हमले से निपटने की तैयारी तेज!

अरुणाचल में Siang Project की रिपोर्टिंग रोकने पर भड़के पत्रकार संगठन

UP की Gram Panchayats में Digital Library का होगा विस्तार, CM Yogi Adityanath ने की घोषणा

US की नौसैनिक नाकाबंदी के बीच Iran के Oil Minister ने छोड़ा पद, संकट में Crude Oil एक्सपोर्ट