By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सोमवार को टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन को राज्य में अपने विनिर्माण परिचालन के विस्तार के लिए सरकार की ओर से पूरा समर्थन और सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया। जापानी वाहन विनिर्माता कंपनी निकट भविष्य में अपनी वाहन उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 10 लाख करने की योजना बना रही है। अधिकारियों ने बताया कि जापान स्थित टोयोटा मोटर कॉरपोरेशन के मोटोमाची संयंत्र में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री शिवकुमार और भारी एवं मध्यम उद्योग मंत्री एम बी पाटिल ने बैठक की।
इस दौरान उन्होंने कर्नाटक में टोयोटा के विनिर्माण को बढ़ावा देने, उत्पादन बढ़ाने और आवागमन के नए समाधान तलाशने पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कंपनी के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मसाकाजू योशिमुरा ने किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने राज्य में अपनी मौजूदा उपस्थिति और परिचालन की रूपरेखा पेश करने के अलावा एक प्रमुख विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में कर्नाटक के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने टोयोटा के नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि कर्नाटक सरकार कंपनी की विस्तार योजनाओं को सुगम बनाने के लिए हर जरूरी मदद देगी।