पूर्व हॉकी कप्तान MM Somayya के चोरी हुए ओलंपिक स्वर्ण समेत सभी पदक Bengaluru Police ने किए बरामद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एमएम सोमैया ने बुधवार को 1980 मॉस्को ओलंपिक का स्वर्ण पदक सहित उनकी चोरी हुई कीमती वस्तुएं बरामद करने के लिए बेंगलुरु पुलिस का आभार जताया। सोमैया ने कहा कि सामान वापस मिलने से उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, मानो उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक पदक जीत लिए हों। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चोरी की गई सभी वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं।

इनमें आठ पदक, एक कैमरा, पारंपरिक कोडागु कटार और ओलंपिक किट बैग शामिल हैं। वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया दोपहिया वाहन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। चोरी के इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सोमैया ने कहा, ‘‘मैं खुश हूं और बेंगलुरु पुलिस का आभारी हूं। पुलिस ने कड़ी मेहनत करते हुए मेरे घर से चोरी हुई सभी कीमती वस्तुएं बरामद कर लीं।’’ सोमैया ने कहा कि इन पदकों से उनकी भावनाएं गहराई से जुड़ी हुई है क्योंकि ये उस दौर में जीते गए थे, जब हॉकी एक शौकिया खेल हुआ करती थी और खिलाड़ियों को इसके लिए कोई खास आर्थिक पुरस्कार नहीं मिलता था। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लग रहा है मानो मैंने ये पदक दोबारा जीत लिए हों।

ये पदक कई वर्षों की कड़ी मेहनत का नतीजा हैं। उस समय कोई आर्थिक पुरस्कार नहीं मिलता था। हॉकी एक शौकिया खेल था और ये पदक ही हमारी उपलब्धियों की एकमात्र पहचान थे।

इसलिए ये मेरे लिए बेहद खास हैं, खासकर ओलंपिक स्वर्ण पदक। ’’ सोमैया के बेंगलुरु स्थित ‘एचएएल थर्ड स्टेज’ आवास में 28 अक्टूबर को चोरी की वारदात हुई थी। यह इलाका इंदिरानगर पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।

पुलिस ने चोरी हुए दो पदक राजाजीनगर से बरामद किए, जबकि शेष छह पदक, कैमरा, कोडागु कटार और ओलंपिक किट बैग होसकोटे से मिले। बरामद पदकों में 1980 मॉस्को ओलंपिक का स्वर्ण पदक, 1982 एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 में सियोल में हुए एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 में एम्सटर्डम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल हैं। पुलिस ने इसके अलावा इटली के लोइआनो टूर्नामेंट का स्वर्ण पदक, 1984 लॉस एंजिलिस और 1988 सियोल ओलंपिक के प्रतिभागिता पदक तथा गुरु गोबिंद सिंह की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रदान किया गया रजत पदक भी बरामद किया है।

प्रमुख खबरें

Indian Economy के लिए बड़ी खुशखबरी: मजबूत खपत के दम पर Moody ने GDP Growth का अनुमान बढ़ाकर 7% किया, वैश्विक झटकों को झेलने में भारत सक्षम

नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा युगे युगीन भारत Museum, ₹3230 करोड़ की CCEA मंजूरी

Northern Railway Recruitment: 4651 पदों पर ट्रेड अप्रेंटिस के लिए आवेदन शुरू

Sonia Gandhi Memoir Controversy | सोनिया गांधी के संस्मरण पर जेडीयू का तीखा हमला... नीतीश कुमार को बताया इंडिया गठबंधन का सूत्रधार