Bengaluru की निर्माणाधीन इमारत में धमाका, 2 घायल, जांच में जुटी Police

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

बेंगलुरु में बुधवार तड़के एक निर्माणाधीन इमारत में हुए विस्फोट में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि बैटरी में विस्फोट होने के कारण यह घटना हुई।

पुलिस के अनुसार, विस्फोट तड़के करीब ढाई बजे पुलकेशीनगर थानाक्षेत्र के अंतर्गत जार्मिया रोड पर स्थित एक इमारत की चौथी मंजिल पर हुआ। उस समय इमारत में निर्माण कार्य जारी था। विस्फोट के बाद आग लग गई।

सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग बुझाई। ऐसा बताया जा रहा है कि घायलों में नेपाल का एक सुरक्षाकर्मी और एक मजदूर शामिल हैं। दोनों को इलाज के लिए बॉरिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

खरगे ने बताया कि विस्फोट में एक व्यक्ति के हाथ की एक उंगली कट गई, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल मैं आपको इतना ही बता सकता हूं कि विस्फोट हुआ है।’’ खरगे ने बताया कि जांचकर्ता उपलब्ध सबूतों की जांच कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या विस्फोट में किसी विस्फोटक उपकरण का इस्तेमाल हुआ था, खरगे ने कहा कि अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और प्राधिकारियों ने खुद इस घटना का संज्ञान लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह किसी रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण हुआ या इसमें किसी आईईडी (तात्कालिक विस्फोटक उपकरण) का इस्तेमाल किया गया या फिर कोई अन्य कारण था, हम इसकी जांच कर रहे हैं। मैं किसी की कही बात को बिना जांच-पड़ताल के यूं ही नहीं दोहरा सकता।’’ पास की एक इमारत में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘‘धमाके की आवाज बहुत तेज थी। एक पल के लिए मुझे लगा कि दिवाली आ गई है।’’ प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि उसके घर के अंदर भी कंपन महसूस हुआ।

बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त (पूर्वी संभाग) विक्रम आमटे ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं, पुलकेशीनगर पुलिस ने विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। बम निरोधक दस्ते, आतंकवाद रोधी दस्ते और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल तथा उस वस्तु की जांच की, जिसमें विस्फोट होने का संदेह है।

पुलिस को संदेह है कि बैटरी जैसी किसी वस्तु में विस्फोट हुआ होगा। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस घटना का बेंगलुरु में पहले हुए उन विस्फोटों से कोई संबंध है, जो विस्फोटक सामग्री बनाने से जुड़े थे।

प्रमुख खबरें

VHP ने RSS पर टिप्पणी को लेकर Rahul Gandhi पर साधा निशाना, बताया मानसिक दिवालियापन

Nari Shakti Vandan Act पर विपक्ष की दो टूक, Mallikarjun Kharge बोले- मौजूदा सीटों पर फौरन मिले Women Quota

Palghar में गरबा कार्यक्रम से नाबालिग को घसीटकर पीटने वाला 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Jan Sangh से जन-जन की यात्रा: Nitin Nabin ने PM Modi के विकास Vision पर दिया जोर