By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की पंजीकृत गोशालाओं में गायों के चारे, दवाओं और देखभाल पर होने वाले खर्च के लिए 100 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। राज्य के एक मंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पंजाब के मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बताया कि गोशालाओं के प्रतिनिधियों ने जालंधर में मान से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखी थीं।
अरोड़ा ने यहां संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने 500 गोशालाओं और 20 पशु आश्रय स्थलों के लिए 100 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास पंजीकृत सभी गोशालाएं इस वित्तीय सहायता की पात्र होंगी, चाहे वे शहरी क्षेत्रों में हों या ग्रामीण क्षेत्रों में। अरोड़ा ने कहा, ‘‘पंजाब सरकार के पास पंजीकृत सभी गोशालाओं को यह धनराशि मिलेगी और 100 करोड़ रुपये एकमुश्त जारी किए जा रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि राज्य की गोशालाओं और पशु आश्रय स्थलों में करीब 2.20 लाख गायें हैं और इस धनराशि से उनकी दवाओं, चारे और देखभाल पर होने वाले खर्च को पूरा करने में मदद मिलेगी।
अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने इससे पहले पंजाब की सभी गोशालाओं के बिजली बिल माफ करने की मंजूरी दी थी। उन्होंने बताया कि बिजली बिलों की 100 करोड़ रुपये की बकाया राशि पहले ही माफ की जा चुकी है। मान ने अगस्त में मवेशियों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए गोशालाओं की प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
उन्होंने कहा था, ‘‘गोशालाओं का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करना समय की मांग है, ताकि गोधन की उचित देखभाल हो सके।’’ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि गोशालाओं के प्रतिनिधियों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने बेसहारा मवेशियों की देखभाल करने के लिए गोशालाओं की प्रबंधन समितियों की सराहना भी की थी।