By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को केंद्र सरकार से करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने और पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब में मत्था टेकने के लिए सिख श्रद्धालुओं की नियमित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की। मान ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों को राजनीतिक विचारों से ऊपर रखा जाना चाहिए। श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना जरूरी है और धार्मिक आस्था को कभी भी राजनीतिक हितों की भेंट नहीं चढ़ने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए वह केंद्र से अनुमति मांगेंगे। सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मान ने कहा, “दोनों देशों के लोग शांति चाहते हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में सुधार होना चाहिए।” इससे पहले, पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने भी मंगलवार को राज्य विधानसभा सत्र के आखिरी दिन एक प्रस्ताव पेश करके केंद्र सरकार से करतारपुर साहिब गलियारे को फिर से खोलने की मांग की थी।