By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) राजीव दत्ता को कथित तौर पर धमकी देने के लिए कांग्रेस नेता प्रह्लाद गुंजल के खिलाफ उगाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
वीडियो में गुंजल, राजीव दत्ता को कथित तौर पर धमकी देते हुए कह रहे हैं कि वह उन्हें इस कदर परेशान कर देंगे कि वह आत्महत्या करने के बारे में सोचने लगेंगे। एक मिनट 16 सेकंड के इस वीडियो को रात में रिकॉर्ड किया गया था। कम रोशनी के कारण धमकी देते वक्त वक्ता का चेहरा बमुश्किल दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल पुष्पेंद्र चौधरी की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की गई, इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्वनी गौतम ने बताया कि मामला रणपुर थाने में दर्ज किया गया है। गुंजल ने अपने बयानों का बचाव करते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रह्लाद गुंजल इन सब बातों से विचलित होने वाला नहीं है।’’