By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार जल संकट दूर करने, संपर्क बेहतर बनाने, ऐतिहासिक हवेलियों के जीर्णोद्धार और पर्यटन को बढ़ावा देने के जरिए शेखावाटी अंचल का समग्र विकास सुनिश्चित कर रही है। शर्मा, यहां शेखावाटी विरासत एवं विकास सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियां और धार्मिक स्थल अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित कर उसे उद्यमिता और रोजगार सृजन के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शेखावाटी फाउंडेशन के पदाधिकारियों, विरासत संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों और प्रवासी राजस्थानियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शेखावाटी के उद्यमियों और भामाशाहों का देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है।
शर्मा ने कहा कि ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान में भी प्रवासी राजस्थानियों, भामाशाहों और सामाजिक संस्थाओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विरासत को संरक्षित करते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि शेखावाटी की ऐतिहासिक विरासत, हवेलियों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आठ दिसंबर को ‘शेखावाटी हेरिटेज मीट’ आयोजित की जाएगी।
शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश में बसे शेखावाटी के प्रवासियों को अपनी मातृभूमि की विरासत के संरक्षण, पर्यटन विकास और निवेश के अवसरों से जोड़ना है।