भूपेंद्र पटेल ने केंद्र से नेपाल में फंसे गुजरातियों की मदद करने का अनुरोध किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 10, 2025

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने नेपाल में फंसे राज्य के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र से संपर्क किया है, जिनमें पर्यटक और छात्र भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पटेल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा की घटनाओं के कारण फंसे गुजराती पर्यटकों और छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य प्रशासन विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है। इस संबंध में मैंने राज्य के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।’’

मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बुधवार सुबह मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘नेपाल की घटना के बाद भूपेंद्रभाई ने वहां रहने वाले हमारे सभी प्रवासी और गुजराती लोगों का ध्यान रखा है। गुजरात से बहुत से लोग पर्यटक के रूप में नेपाल जाते हैं।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नेपाल में गुजरातियों की सुरक्षा और भलाई को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से संपर्क किया है, जिसने आश्वासन दिया है कि सभी भारतीयों का ध्यान रखा जा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने नेपाल में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर मंगलवार को भारतीय नागरिकों के लिए एक यात्रा परामर्श जारी किया था। बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि नेपाल में बदल रहे हालात को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थिति सामान्य होने तक नेपाल की यात्रा स्थगित कर दें। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने निवास स्थानों पर ही रहें, सड़कों पर निकलने से बचें और पूरी सावधानी बरतें।

प्रमुख खबरें

पहले प्यार और अपनापन, फिर अचानक दूरी... क्या आप भी Puffer Fishing के शिकार हो रहे हैं?

South 24 Parganas में पूजा समिति विवाद में BJP कार्यकर्ता की मौत, जांच शुरू

Gurugram में Traffic जाम! 25 अगस्त को WFH का आदेश, School भी बंद

Kolathur Result: मद्रास हाईकोर्ट पहुंचे MK Stalin, टीवीके के वीएस बाबू की जीत को चुनौती और ईवीएम पर सवाल