By अनुराग गुप्ता | Feb 08, 2022
चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आपको बता दें कि भूपिंदर हनी की हिरासत बढ़ा दी गई है और अब वह 11 फरवरी तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में रहेंगे। कोर्ट में ईडी ने दावा किया कि भूपिंदर हनी ने पूछताछ में कबूला कि अवैध खनन मामले में अधिकारियों का तबादला करवाकर करोड़ों रुपए की वसूली की।
ईडी ने बताया था कि भूपिंदर हनी ने कबूला है कि सीमावर्ती राज्य में अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों और अधिकारियों की नियुक्ति अथवा तबादले में मदद करने के एवज में उसे 10 करोड़ रुपए नकद मिले थे।
3 फरवरी को हुई थी गिरफ्तारी
मुख्यमंत्री चन्नी के भतीजे भूपिंदर हनी की 3 फरवरी को गिरफ्तारी हुई थी। केंद्रीय जांच एजेंसी ने 18 जनवरी को भूपिंदर हनी और अन्य के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की थी। इस दौरान भूपिंदर हनी के ठिकाने से करीब 7.9 करोड़ रुपए, जबकि उससे जुड़े संदीप कुमार नाम के शख्स के परिसर से करीब दो करोड़ रुपए जब्त किए गए थे।
ईडी ने समन जारी कर भूपिंदर हनी को पूछताछ के लिए बुलाया था। 8 घंटे तक लंबी चली पूछताछ के बाद भूपिंदर हनी को गिरफ्तार कर लिया गया और कोर्ट के समक्ष पेश किया गया था। जहां कोर्ट ने भूपिंदर हनी को 8 फरवरी तक ईडी की हिरासत में भेजा था।