By अंकित सिंह | Feb 27, 2024
बिहार में राजद के नेतृत्व वाली इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक मुरारी प्रसाद गौतम और सिद्धार्थ सौरव और राजद विधायक संगीता कुमारी आज भाजपा में शामिल हो गईं। यह नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के लिए बडी राहत की बात है। कांग्रेस के मुरारी गौतम महागठबंधन सरकार में भी मंत्री रहे हैं। वह चेनारी से विधायक है। इसके अलावा सिद्धार्थ सौरभ की बात करें तो वह विक्रम विधानसभा से विधायक हैं। वह काफी लंबे समय से कांग्रेस से नाराज भी चल रहे थे। उन्होंने भी पाला बदल दिया है और भाजपा में शामिल हो गए हैं।
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नवगठित राजग सरकार ने विधानसभा में ‘महागठबंधन’ के सदस्यों के बहिर्गमन के बीच विश्वास मत हासिल कर लिया था। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में कुल 129 वोट पड़े जबकि विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। मत विभाजन के समय आसन पर उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी थे। हजारी ने संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के अनुरोध पर ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित होने की घोषणा के बाद सदस्यों की गिनती का आदेश दिया। कुमार ने पिछले दिनों महागठबंधन का साथ छोड़ दिया था जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख घटक दल है। नीतीश फिर से राजग में लौट आए और उन्होंने भाजपा के समर्थन से सरकार बनाई।