रायबरेली में बड़ा ट्रेन हादसा, न्यू फरक्का एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 7 की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 10, 2018

लखनऊ। मालदा टाउन से नई दिल्ली जा रही न्यू फरक्का एक्सप्रेस के इंजन और पांच डिब्बे उत्तर प्रदेश में रायबरेली के निकट बुधवार की सुबह पटरी से उतर गए जिसमें कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हैं। यह हादसा रायबरेली के निकट हरचन्दपुर के बाबापुर के पास सुबह करीब छह बजे हुआ। अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों के एक दल को दुर्घटना राहत मेडिकल वैन से मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) में आपात हेल्पलाइन नंबर स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने भाषा को बताया कि अभी तक चार यात्रियों के मरने की सूचना है। अधिकारियों ने हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। रेलवे के सूत्रों के अनुसार, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अश्विनी लोहानी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

उत्तर रेलवे के डीआरएम सतीश कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना आज सुबह छह बज कर पांच मिनट पर हुई। शुरूआती सूचना के अनुसार करीब एक दर्जन लोग घायल हैं। कुमार के मुताबिक अधिकारियों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी है। अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने का आदेश दिया है। दुर्घटना के कारण इस मार्ग की सभी अप और डाउन लाइनों पर रेल यातायात बाधित है।

प्रमुख खबरें

कनाडा और उड़ानों, वायु मार्गों को जोड़ने के लिए भारत के साथ काम कर रहा : PM Trudeau

भीषण गर्मी के बीच Jharkhand सरकार ने 8वीं तक की कक्षाएं निलंबित कीं

Ola Mobility के CEO हेमंत बख्शी का इस्तीफा, 10-15 प्रतिशत कर्मचारियों की हो सकती छंटनी

अमेठी, रायबरेली से उम्मीदवारों पर फैसले के लिए खरगे को अधिकृत किया गया: Congress