Bigg Boss 19: जंगल के केबिन में छुपा है घर का हर रहस्य, डिजाइन देख हैरान होंगे!

By Renu Tiwari | Aug 25, 2025

लंबे समय से चल रहे रियलिटी शो बिग बॉस के नए सीजन का प्रसारण शुरू हो चुका है और कला निदेशक उमंग कुमार का कहना है कि इस बार घर को डिज़ाइन करते समय उनका उद्देश्य इसे एक ऐसा रूप देना था जो नया, अनोखा और रहस्यमय हो। बिग बॉस का 19वां संस्करण रविवार रात से शुरू हो चुका है और इस बार भी अभिनेता सलमान खान इसके प्रस्तोता हैं। बिग बॉस के सेट डिजाइनर और निर्देशक उमंग कुमार हैं, जो अपनी पत्नी वनिता कुमार के साथ मिलकर कई सालों से बिग बॉस के घर को डिज़ाइन कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: क्या Govinda पत्नी Sunita Ahuja से तलाक ले रहे हैं? अदालत में अर्जी की खबरों को करीबी पारिवारिक दोस्त ने किया खारिज

उन्होंने बताया कि इस सीजन की थीम है - ‘घरवालों की सरकार’ लेकिन यह ध्यान खास तौर पर रखा गया है कि घर का डिज़ाइन किसी राजनीतिक शैली जैसा न हो। उन्होंने कहा ‘‘यह घर बिल्कुल तटस्थ है। ऐसा नहीं है कि मैंने दीवार पर हथौड़ा टांग दिया हो या अदालत के कक्ष जैसा सेट बना दिया हो। वह बहुत ज्यादा हो जाता। सिर्फ एक कमरा ‘असेंबली रूम’ इस राजनीतिक थीम को दर्शाता है। बाकी पूरा घर रंग-बिरंगा, स्वागतयोग्य और लॉग केबिन स्टाइल में है, जिसे लंबे समय तक रहने के लिहाज़ से डिज़ाइन किया गया है।’’

‘मैरी कॉम’ और ‘सरबजीत’ जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाले कुमार कई फिल्मों में प्रोडक्शन डिजाइनर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। उनके अनुसार, इस बार के घर की मूल अवधारणा जंगल में जीवन और कैंपिंग के अनुभव के इर्द-गिर्द घूमती है। घर के इंटीरियर में लकड़ी की गर्माहट और चटख रंगों का संयोजन किया गया है, जो पूरे माहौल में जीवन का संचार करता है। घर के डिज़ाइन में कल्पनाशील हाइब्रिड प्राणी और प्राकृतिक तत्वों का तालमेल शो की मनोवैज्ञानिक परतों और अप्रत्याशित भावनाओं को दर्शाता है।

बिग बॉस के घर की एक और खासियत अलग-अलग वातावरण में रहने वाले जीव-जंतुओं की कृतियां हैं। इनमें 20 फुट ऊंचा एक मुर्गा शामिल है, जिसके सिर पर सींग लगे हुए हैं। कुमार ने कहा ‘‘यह प्रतीकात्मक है। दिखने में यह मुर्गा लग सकता है, लेकिन इसके सींग हैं, यानी यह सिर्फ मुर्गा नहीं है—यह कई व्यक्तित्वों का मेल है। इसी तरह हमने हिरण के सींग के साथ घोड़े का चेहरा जैसे अन्य प्रयोग किए हैं। इन्हें आकर्षक बनाने के लिए बड़े-बड़े लकड़ी के लट्ठों और चमकीले रंगों का इस्तेमाल किया गया है।’’ उन्होंने बताया ‘‘कन्फेशन रूम में एक विशाल चील है, जिसके पंख फैले हुए हैं, लेकिन पारंपरिक भूरे या स्लेटी रंग के बजाय इसमें ढेर सारे रंग हैं। उसके पीछे टहनियों से बिग बॉस का प्रतीक ‘बी बी’ बड़े अक्षरों में लिखा है। चील के पैरों के पास बैठने पर दृश्य काफी नाटकीय लगता है।

कन्फेशन रूम में प्रवेश करते ही एक रंग-बिरंगा बैल नजर आता है—जिसे बिग बुल का प्रतीक माना गया है। मुख्य गार्डन में एक विशाल पेड़ है, जो एक शेर के चेहरे से जा कर मिलता है। इसमें 3डी का उपयोग होने से यह उभरा हुआ है औरबेहद रंगबिरंगा है। बाथरूम में विशाल सींगों से बना झूमर है। बेडरूम में भी हाइब्रिड डिज़ाइन की झलक मिलती है।”

घर के बाकी हिस्से जहां रोजमर्रा की जिंदगी के अनुरूप हैं, वहीं ‘असेंबली रूम’ इस बार की लोकतांत्रिक थीम का केंद्र है। कुमार ने कहा “यह मुख्य घर से अलग है। यह बिग बॉस का घर है इसलिए इसमें नाटकीयता और तीव्रता है, लेकिन असेंबली रूम पूरे घर की खूबसूरती पर असर नहीं डालता। इसकी अपनी खासियत है।’’ जब सलमान खान की डिज़ाइन प्रक्रिया में भूमिका के बारे में पूछा गया, तो कुमार ने बताया कि प्रस्तोता शुरुआत में रचनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं होते, लेकिन उन्हें डिज़ाइन की जानकारी दी जाती है और योजनाएं दिखाई जाती हैं।

उन्होंने कहा “हर साल जब सलमान घर को देखते हैं, तो यह उनके लिए एक नया अनुभव होता है। उनकी एक जगह है जहां वे प्रतिभागियों से संवाद करते हैं। वह जगह भी थीम के तत्वों को दर्शाती है। वहां खंभे, एक फीनिक्स और ताज पहना हुआ एक शेर है। यह शक्ति का प्रतीक स्थल है, जो मुख्य घर से बिल्कुल अलग है।” ‘बिग बॉस’ सीजन 19 का प्रसारण रविवार से रात नौ बजे जियो हॉटस्टार पर और रात 10:30 बजे कलर्स चैनल पर शुरू हो चुका है।

प्रमुख खबरें

UAE का OPEC से Exit: सऊदी अरब की बादशाहत को चुनौती, Pakistan की बढ़ीं मुश्किलें।

Canada में बजा भारत का डंका, Dr. Reddys की सस्ती Ozempic दवा को मिली मंजूरी

Puducherry Exit Poll में Congress को बड़ा झटका, NDA की सत्ता में वापसी की मज़बूत भविष्यवाणी

Exit Polls का अनुमान: Tamil Nadu में DMK को पूर्ण बहुमत, AIADMK की राह में रोड़ा बने Vijay